Top News

टैरर टैक्स नहीं देने पर बस ऑपरेटर के घर फायरिंग, पूर्व मंत्री के भतीजा समेत 14 लोगों के खिलाफ FIRFiring at bus operator's house for not paying terror tax; FIR registered against 14 people including former minister's nephew



शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहनिवास में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात दहशत फैलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शातिर बदमाश प्रभात रावत ने अपनी गैंग के साथ मिलकर टैरर टैक्स वसूलने के लिए बस व्यवसायी और ठेकेदार जय सिंह रावत के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इस हमले में एक गोली जय सिंह रावत के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वे बाल-बाल बच गए। घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपितों सहित कई लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टैरर टैक्स नहीं देने पर बनाया निशाना

पीड़ित जय सिंह रावत के मुताबिक, आरोपी प्रभात रावत लंबे समय से उनसे टैरर टैक्स की मांग कर रहा था। वह अलग-अलग लोगों के माध्यम से संदेश भिजवाता था कि जय सिंह की बसें चल रही हैं और ठेके भी मिल रहे हैं, इसलिए हर महीने उसे पैसा दिया जाए। जब जय सिंह ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।

रात में घर पर बोला हमला

रविवार रात करीब 11 बजे जब जय सिंह अपने परिवार के साथ सो रहे थे, तभी बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। बाहर से लगातार गोलियां चलाई गईं। आवाज सुनकर जब जय सिंह बाहर आए, तो प्रभात रावत और उसके भाई प्रमोद रावत ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उनके हाथ को छूते हुए निकल गई। किसी तरह जान बचाकर उन्होंने घर के अंदर जाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने जय सिंह रावत की शिकायत पर प्रभात रावत, प्रमोद रावत, प्रगट रावत, रोहित धाकड़, दुष्यंत धाकड़, दीपक रावत, राजकुमार रावत, पवन रावत, अरुण रावत, रवि जाट, आदित्य उपाध्याय, अंकेश दीक्षित समेत दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी की तलाश की जा रही है।

पहले भी दे चुका है धमकी

बताया गया है कि आरोपी प्रभात रावत इससे पहले भी 7 दिसंबर 2025 को पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह को फोन पर जान से मारने की धमकी दे चुका है। उस मामले में भी उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर इस फायरिंग की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार

प्रकरण में 12 नामजद आरोपियों सहित कुछ 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संबंधितों के हर संभव ठिकाने पर दबिश दे रही है। हम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। रोहित दुबे, टीआई, कोतवाली

Post a Comment

Previous Post Next Post