Top News

दुबई और अबू धाबी की कई उड़ानें रद्द, पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच भारतीय विमानन कंपनियों की एडवाइजरीSeveral Flights to Dubai and Abu Dhabi Cancelled; Indian Airlines Issue Advisory Amid West Asia Conflict

 

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण भारतीय विमानन कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और इंडिगो ने रविवार को दुबई और अबू धाबी जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी हैं। यह फैसला ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष और हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों की वजह से लिया गया है


एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया समूह ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एयरपोर्ट अधिकारियों ने नए निर्देश जारी किए हैं। इस कारण 15 मार्च की उड़ानों में कटौती करनी पड़ी है। एयर इंडिया ने दिल्ली से दुबई के बीच सिर्फ एक वापसी उड़ान चलाने का फैसला किया है। दुबई के लिए तय पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दी जानकारी

एयर इंडिया एक्सप्रेस की स्थिति भी ऐसी ही है। इसने दुबई के लिए अपनी छह में से पांच उड़ानें रद्द कर दी हैं। दिल्ली से दुबई के लिए सिर्फ एक वापसी उड़ान चलेगी। इसके अलावा, अबू धाबी जाने वाली सभी पांच उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, एयरलाइन शारजाह से दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों के लिए उड़ानें चलाने की योजना बना रही है। साथ ही रस अल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के लिए भी उड़ानें संचालित होंगी। ये उड़ानें स्लॉट मिलने और समय की स्थिति पर निर्भर करेंगी।

इंडिगो ने रद्द की उड़ानें

इंडिगो ने भी दुबई की अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने कहा कि अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर पाबंदियां लगी हैं। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें। एयरलाइन अधिकारियों के साथ मिलकर धीरे-धीरे अपनी सेवाओं को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रही है। इसमें यूरोप के कुछ मार्ग भी शामिल हैं।

जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अगली तारीख के लिए टिकट बुक कर सकते हैं। उनके पास पूरा पैसा वापस (रिफंड) लेने का विकल्प भी है। एयर इंडिया समूह ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए दुख जताया है। उनका कहना है कि वे फंसे हुए लोगों को घर पहुंचाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं।

स्पाइसजेट ने भी रद्द की उड़ानें

वहीं स्पाइसजेट ने भी एक पोस्ट में बताया है कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालातों की वजह से दुबई आने-जाने वाली उड़ानों के संचालन पर और प्रतिबंध लगा दिए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। एयरलाइन यात्रियों को उनके फोन नंबर और ईमेल पर इसकी जानकारी दे रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले कंपनी की वेबसाइट पर अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें। किसी भी तुरंत मदद के लिए यात्री एयरलाइन के हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सकते हैं।

टीकट पर 399 रुपये सरचार्ज

इससे पहले शनिवार को एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने करीब 80 उड़ानें संचालित करने की जानकारी दी थी। साथ ही, 12 मार्च से घरेलू और दक्षिण एशियाई उड़ानों पर 399 रुपये का ईंधन सरचार्ज भी लागू कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post