Top News

मुरैना में रेत माफिया ने पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, उड़े परखच्चे... सिपाही घायलSand Mafia Rams Police Vehicle in Morena, Wrecking It Completely... Constable Injured

 

जिले में रेत माफिया का आतंक एक बार फिर सामने आया है। दिमनी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अवैध रेत परिवहन रोकने गई पुलिस टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्राली से पुलिस वाहन को टक्कर मार दी गई, जिससे एक आरक्षक घायल हो गया।


गश्त के दौरान सामने आए अवैध रेत से भरे वाहन

जानकारी के अनुसार, दिमनी पुलिस की टीम सुबह गश्त पर निकली थी। इसी दौरान बरेथा-चक्रपान का पुरा मार्ग से अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली आते दिखाई दिए। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति कम नहीं की और भागने की कोशिश की।

पुलिस ने रास्ता रोका, फिर भी नहीं रुका ट्रैक्टर

ट्रैक्टर को रोकने के लिए पुलिस ने बोलेरो वाहन को सड़क के बीच खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका। पकड़े जाने के डर से उसने ट्रैक्टर की रफ्तार और बढ़ा दी और सीधे पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।

आरक्षक घायल, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। इस दौरान आरक्षक सुदामा रजक ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की बोलेरो गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

एक आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी

घटना के बाद पुलिस ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

उल्लेखनीय है कि करीब 15 वर्ष पहले मुरैना में रेत माफिया ने आईपीएस नरेंद्र कुमार को ट्रैक्टर से कुचलकर मार दिया था। इसके बावजूद माफिया का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post