Top News

महाराष्ट्र बोर्ड का बड़ा फैसला, मार्कशीट और सर्टिफिकेट अब मिलेंगे एक साथMaharashtra Board's Major Decision: Mark Sheets and Certificates to Now Be Issued Together

  

महाराष्ट्र के लाखों छात्रों के लिए एक नई और बड़ी खबर आई है. इस बार बोर्ड ने ऐसा फैसला लिया है, जिससे मार्कशीट और सर्टिफिकेट को लेकर होने वाली लंबी इंतज़ार की परेशानी खत्म हो जाएगी. महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MSBSHSE) ने तय किया है कि अब कक्षा 10 (SSC) और कक्षा 12 (HSC) के छात्रों को मार्कशीट और सर्टिफिकेट अलग-अलग नहीं, बल्कि एक ही संयुक्त दस्तावेज में दिए जाएंगे.


नई संयुक्त मार्कशीट में छात्र की फोटो और एक क्यूआर कोड भी होगा. यह क्यूआर कोड दस्तावेज की पहचान को आसान और सुरक्षित बनाएगा. कोई भी व्यक्ति बोर्ड के आधिकारिक मोबाइल ऐप से इस क्यूआर कोड को स्कैन करके तुरंत मार्कशीट की सच्चाई जांच सकेगा. इससे फर्जी मार्कशीट के मामलों पर रोक लगेगी और सत्यापन की प्रक्रिया तेज होगी.अब तक व्यवस्था यह थी कि परीक्षा परिणाम आने पर छात्रों को सिर्फ मार्कशीट दी जाती थी. सर्टिफिकेट करीब छह महीने बाद मिलता था. इन दोनों दस्तावेजों में न तो छात्र की फोटो होती थी और न ही कोई डिजिटल जांच की सुविधा. ऐसे में कई बार दस्तावेजों की पुष्टि करने में समय लगता था और परेशानी भी होती थी.

रिजल्ट भी जल्द जारी होंगे

बोर्ड जल्द ही SSC (10वीं) और HSC (12वीं) के परिणाम घोषित करने की तैयारी में है. पिछले वर्षों के रुझान को देखें तो नतीजे मई के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी किए जाते हैं. संभावना है कि इस बार 12वीं का रिजल्ट पहले और 10वीं का रिजल्ट उसके बाद आए. रिजल्ट जारी होने के साथ ही यह नई संयुक्त मार्कशीट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे छात्र डाउनलोड कर सकेंगे.

फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक

अक्सर फर्जी मार्कशीट के मामले सामने आते थे, जिनकी जांच में काफी समय लगता था. क्यूआर कोड की मदद से अब यह काम कुछ ही सेकंड में हो जाएगा. बोर्ड के ऐप से स्कैन करते ही छात्र की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी. इससे धोखाधड़ी की संभावना बहुत कम हो जाएगी.

नई मार्कशीट का फॉर्मेट

नई मार्कशीट में छात्र का नाम आधार कार्ड के अनुसार प्रिंट किया जाएगा. पहले नाम लिखने का तरीका अलग था, जिसमें उपनाम, छात्र का नाम और पिता का नाम अलग क्रम में होता था. अब इसे सरल और एक जैसा बनाया गया है, ताकि आगे किसी तरह की गड़बड़ी न हो. फोटो और क्यूआर कोड के साथ यह मार्कशीट ज्यादा भरोसेमंद और सुरक्षित मानी जाएगी. कॉलेज, विश्वविद्यालय या कोई भी संस्था इसे स्कैन कर तुरंत जांच सकेगी.

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और जन्मतिथि तैयार रखनी होगी. परिणाम जारी होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर यह जानकारी भरनी होगी. इसके बाद स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकेगा.

Post a Comment

Previous Post Next Post