इंदौर में बुधवार अल सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, तिलक नगर इलाके के प्रीति नगर में एक घर में आग लगने से सात लोग जिंदा जल गए। हादसे में तीन गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसा घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार में आग लगने की वजह से हुआ जो पूरे घर में फैल गई। इस दौरान घर में रखें एलपीजी सिलिंडर फटने लगे और आग तेजी से फैल गई।
एसीपी कुंदन मंडलोई ने इस हादसे में मकान मालिक सहित सात लोगों की जानकारी दी है। इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग में लगी हुई थी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। घर से सात शवों को बाहर निकाला गया है। इसके साथ ही 6-7 सिलिंडर भी निकले हैं।
मृतकों के नाम मनोज जैन पुंगलिया 60 वर्ष, सिमरन पति सोनू 30 वर्ष, विजय सेठिया, सुमन पति विजय सेठिया, राशि उम्र 15 वर्ष और छोटू सेठिया बताए जा रहे हैं। वहीं सौरभ पिता मनोज 32 वर्ष, सुनीतिा पति मनोज उम्र 58 वर्ष और सोमिल पिता मनोज को रेस्क्यू किया गया है। इस हादसे में एक बच्चा लापता बताया जा रहा है, घर में उसकी तलाश की जा रही है।
पड़ोसियों ने बताया कि जब सुबह चीख-पुकार मची तो वे बाहर निकले, देखा तो मकान में आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को इसकी सूचना दी। पड़ोसी इस दौरान बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन आग तब तक पूरे घर में फैल चुकी थी। इस घटना के बाद कॉलोनी में शोक का माहौल है। घर में लगी आग से सात लोग जिंदा जल गए।

Post a Comment