अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 32वां दिन हैं। लेबनान के ईरान समर्थक उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह ने दावा किया कि उसने सोमवार को इजराइल के उत्तरी शहर हाइफा में ऑयल रिफाइनरी पर ईरानी मिसाइल से हमला किया।हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में एक पेट्रोल टैंक में आग लग गई, जिससे इलाके में घना धुआं फैल गया। अभी तक यह साफ नहीं है कि आग मिसाइल हमले से लगी या इंटरसेप्ट किए गए मलबे के कारण।एहतियात के तौर पर स्थानीय प्रशासन ने लोगों को घरों की खिड़कियां बंद रखने और बाहर न निकलने की सलाह दी थी।वहीं, ईरान जंग के बीच फारस की खाड़ी में भारत के 18 जहाज और 485 भारतीय क्रू फंसे हुए हैं। जलमार्ग मंत्रालय ने बताया कि ये सभी सुरक्षित हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है
अमेरिकी हमले में ईरान का विमान डैमेज
ईरान में सोमवार को महान एयरलाइंस का एक प्लेन अमेरिकी हमले में क्षतिग्रस्त हो गया। यह विमान मशहद एयरपोर्ट पर खड़ा था और नई दिल्ली आने वाला था। इसका मकसद भारत से दवाइयों और दूसरी जरूरी राहत सामग्री लेकर जाना था।
हालांकि, इस हमले को लेकर अमेरिका की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
होर्मुज बंद रहे तो भी युद्ध खत्म कर सकते हैं ट्रम्प
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ईरान के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए तैयार हैं, भले ही होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह न खुले। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रम्प और उनके सलाहकारों ने हाल के दिनों में रणनीति पर दोबारा विचार किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशासन का मानना है कि होर्मुज स्ट्रेट को जबरन खुलवाने की कोशिश युद्ध को लंबा खींच सकती है। इसलिए अब बिना इसे पूरी तरह खुलवाए भी युद्ध समाप्त करने का विकल्प देखा जा रहा है।
अमेरिका की योजना पहले ईरान की नौसेना और मिसाइल क्षमता को कमजोर करने जैसे सैन्य टारगेट को हासिल करने की है। इसके बाद कूटनीतिक दबाव के जरिए ईरान को व्यापार बहाल करने के लिए मजबूर किया जाएगा। इस रणनीति के तहत अमेरिका यूरोप और खाड़ी देशों को आगे कर ईरान पर दबाव बनाने की भी तैयारी कर रहा है।

Post a Comment