अजमेर किशनगढ़ नेशनल हाईवे 8 घंटे तक बंद रहेगा।
रात और दिन काम करने का अर्थ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से समझा जा सकता है। पीएम मोदी दो दिवसीय इजरायल की यात्रा से 26 फरवरी की देर रात को दिल्ली लौटे। चूंकि दोनों देशों के बीच रात दिन के समय में बहुत अंतराल है, इसलिए समय के साथ शरीर को ढालने में परेशानी होती है। पीएम मोदी की उम्र 75 के पार है, लेकिन 26 फरवरी को देर रात दिल्ली आने के बाद भी मोदी ने 27 फरवरी को भारत के समयानुसार दिन भर काम किया। मोदी ने प्रौद्योगिकी की सुधार और वित्त विषय पर आयोजित एक वेबिनार को भी संबोधित किया। यानी 27 फरवरी को भी पीएम मोदी दिनभर व्यस्त रहे। तय कार्यक्रम के अनुसार मोदी की सभा 28 फरवरी को सुबह 9:30 बजे अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली पर होनी है। यानी 28 फरवरी का अजमेर के आने के लिए भी मोदी को सुबह जल्दी जागना पड़ेगा। अजमेर की सभा के बाद देश के दूसरे स्थान पर भी मोदी का कार्यक्रम निर्धारित है।
विदेश दौरे और देश के अंदर इतनी व्यस्तता के बीच पीएम मोदी कितने समय विश्राम करते हैं, यह मोदी ही जानते हैं। इतनी व्यस्तता के बाद भी पीएम मोदी 28 फरवरी को अजमेर क्यों आ रहे हैं, इसको लेकर भी राजनीति के क्षेत्र में सवाल उठ रहे हैं। राजस्थान में अभी कोई बड़ा चुनाव भी नहीं होना है। मोदी अजमेर की सभा में किसी बड़ी परियोजना का लोकार्पण या शिलान्यास भी नहीं कर रहे। पूर्व में कहा गया कि पीएम मोदी अजमेर की सभा में 23 हजार 500 करोड़ रुपए की परियोजना का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, लेकिन 27 फरवरी को राजस्थान सरकार की ओर से जो विज्ञापन अखबारों में प्रकाशित हुआ, उसमें कहा गया कि पीएम मोदी 16 हजार करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। यानी पूर्व की घोषणा में 8 हजार करोड़ से ज्यादा की कटौती हो गई है। इतना ही नहीं जयपुर में मेट्रो विस्तार के शिलान्यास को भी टाल दिया गया है।
अब सरकार की ओर से 16 हजार करोड़ की जो योजनाएं बताई जा रही है, उनमें एक भी ऐसी योजना नहीं है, जो पूरे प्रदेश को फायदा पहुंचाने वाली हो। ऐसी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कर सकते थे। जहां तक 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीके के शुभारंभ का सवाल है तो यह कार्यक्रम दिल्ली में भी किया जा सकता था। जानकारों की मानें तो राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दबदबा बढ़ाने के लिए पीएम मोदी अजमेर में 28 फरवरी को सभा कर रहे हैं। चूंकि राजस्थान से कई लोकसभा के सांसद केंद्र में प्रभावशाली मंत्री हैं और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का दबदबा प्रदेश में है, इसलिए भजनलाल शर्मा का दबदबा बढ़ाने के लिए पीएम मोदी अजमेर में सभा कर रहे हैं। सीएम शर्मा को भी पीएम मोदी के आने का महत्व पता है, इसलिए वे 27 फरवरी को ही अजमेर आ जाएंगे। सीएम शर्मा 24 फरवरी को अजमेर आकर सभा की तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। चूंकि पीएम को सुबह 9:30 बजे किशनगढ़ के एयरपोर्ट पर आना है, इसलिए सीएम शर्मा कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। पीएम मोदी के आने से सीएम शर्मा गदगद है। पीएम मोदी जब भी राजस्थान आते हैं, सीएम शर्मा की जमकर प्रशंसा करते हैं। पीएम मोदी कह चुके हैं कि राजस्थान में अब बिना खर्ची और पर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही है। 28 फरवरी को भी पीएम मोदी अजमेर में 21 हजार सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौपेंगे।
नेशनल हाईवे बंद:
पीएम मोदी 28 फरवरी को किशनगढ़ के एयरपोर्ट पर उतरेंगे और फिर 15 किलोमीटर का सफर हेलीकॉप्टर से तय करेंगे। चूंकि किशनगढ़ एयरपोर्ट और सभा स्थल कायड़ विश्राम स्थली नेशनल हाईवे 8 से जुड़े हुए है, इसलिए अजमेर से किशनगढ़ के नेशनल हाईवे पर 28 फरवरी को करीब 8 घंटे यातायात बंद रहेगा। सुबह 6 बजे से ही वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। पीएम मोदी के किशनगढ़ पहुंचने से पहले ही सभा में आने वाले वाहनों को भी किशनगढ़ और अजमेर के प्रवेश मार्गों पर ही रोक दिया जाएगा। सभा में आने वालों से कहा गया है कि वे 28 फरवरी को सुबह 9 बजे तक सभा स्थल पर पहुंच जाए। सभास्थल पर 10 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है तथा 2 लाख से ज्यादा लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है।

Post a Comment