Top News

किसने कहा मैंने पार्टी की विचारधार का उल्लंघन किया?' कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पूछा सवाल ."Who said I violated the party's ideology?" Congress MP Shashi Tharoor asked.

 '

कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य शशि थरूर ने कहा है कि वह कभी भी पार्टी लाइन से अलग नहीं हुए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने के लिए केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सुल्तान बाथरी में सोमवार को आयोजित लक्ष्य 2026 नेतृत्व शिविर में भाग लेने के बाद उन्होंने ये बात कही।उनके हालिया बयानों और लेख ने पार्टी को रक्षात्मक मुद्रा में ला दिया था। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मेरा सवाल यह है कि किसने कहा कि मैंने पार्टी की विचारधारा का उल्लंघन किया है? मैंने विभिन्न विषयों पर अपनी राय व्यक्त की है, लेकिन अधिकतर मामलों में पार्टी और मैं एक ही रुख पर कायम रहे हैं।



'कांग्रेस को नहीं होना चाहिए परेशान'

उन्होंने कहा कि उन्होंने संसद में मंत्रियों के सामने जो सवाल उठाए थे, उनकी एक स्पष्ट दिशा थी और पार्टी को उनसे परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विवाद अक्सर तब शुरू होते हैं जब मीडिया की खबरें पूरी सामग्री पढ़े बिना केवल सुर्खियों पर आधारित होती हैं।

शशि थरूर ने कहा कि जब मैं लोगों से पूछता हूं कि क्या उन्होंने वास्तव में मैंने जो लिखा है उसे पढ़ा है, तो ज्यादातर लोगों ने नहीं पढ़ा होता है। पूरा पाठ पढ़ने के बाद, उन्हें असली मुद्दा समझ में आता है। शशि थरूर ने कहा कि वह 17 साल से पार्टी में हैं और सहयोगियों से मेरे अच्छे संबंध हैं।

थरूर से पूछा गया कि क्या ये मुद्दे कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के बाद शुरू हुए। इसपर उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करती है और अतीत में कई नेताओं ने आंतरिक चुनाव लड़े हैं। मैंने चुनाव लड़ा और हार गया। बात यहीं खत्म हो गई।

आडवाणी के बचाव करने वाली टिप्पणी पर क्या बोले थरूर?

भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी का बचाव करने वाली टिप्पणी पर थरूर ने कहा यह आडवाणी के 98वें जन्मदिन पर शिष्टाचार का एक कार्य था। हमारी संस्कृति हमें बड़ों का सम्मान करना सिखाती है, और मैंने वही किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा के रूप में देखे जाने वाले बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कही गई बातों को उद्धृत किया था। मैंने लोगों से पूछा कि मैंने उनकी प्रशंसा कहां की है। अगर कोई पूरा पोस्ट पढ़ेगा तो स्पष्ट हो जाएगा कि उसमें ऐसा कुछ नहीं था।

Post a Comment

Previous Post Next Post