Top News

लगातार गर्दन दर्द सिर्फ सर्वाइकल नहीं, इस विटामिन की कमी का है संकेतPersistent neck pain is not always due to a cervical issue; it can be a sign of a vitamin deficiency.

 

आजकल कई लोगों को गर्दन दर्द की समस्या बनी रहती है. लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप पर काम करना, गलत पोस्चर में बैठना और आराम की कमी इसके पीछे आम वजह मानी जाती है. अक्सर लोग गर्दन दर्द होते ही इसे सर्वाइकल समझ लेते हैं और बिना जांच के इलाज शुरू कर देते हैं. लेकिन हर बार गर्दन दर्द का कारण सर्वाइकल ही हो, यह जरूरी नहीं है. कई मामलों में शरीर के अंदर पोषण की कमी भी गर्दन दर्द की वजह बन सकती है. खासकर जब दर्द लंबे समय तक बना रहे, गर्दन अकड़ने लगे या साधारण मूवमेंट में भी परेशानी हो, तो यह किसी अंदरूनी कमी का संकेत हो सकता है. ऐसे में इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.


किस विटामिन की कमी से गर्दन में दर्द होता है?

शरीर में विटामिन डी और विटामिन बी12 की कमी के कारण गर्दन में दर्द हो सकता है. विटामिन डी की कमी से हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और मांसपेशियों में जकड़न आ सकती है, जिससे गर्दन में दर्द महसूस होता है. वहीं विटामिन बी12 नसों की सेहत के लिए जरूरी होता है. इसकी कमी होने पर नसों में कमजोरी, झनझनाहट और दर्द की शिकायत हो सकती है, जो गर्दन तक असर डालती है.

कई बार यह दर्द धीरे-धीरे बढ़ता है और आराम करने पर भी पूरी तरह ठीक नहीं होता. अगर शरीर को जरूरी विटामिन समय पर न मिलें, तो गर्दन दर्द लगातार बना रह सकता है. इसलिए केवल सर्वाइकल मानकर इलाज करने से पहले विटामिन की कमी की जांच भी जरूरी होती है.

कैसे करें विटामिन D और विटामिन B12 की कमी पूरी?

विटामिन डी की कमी पूरी करने के लिए रोजाना कुछ देर धूप में बैठना फायदेमंद होता है. इसके अलावा दूध, दही, अंडा और फोर्टिफाइड फूड्स को डाइट में शामिल करें. वहीं विटामिन बी12 के लिए दूध, दही, पनीर, अंडा और नॉनवेज खाने से मदद मिलती है.

शाकाहारी लोगों में बी12 की कमी ज्यादा देखी जाती है, ऐसे में डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लिया जा सकता है. संतुलित डाइट लेना और समय-समय पर जांच कराना भी जरूरी है, ताकि कमी को समय रहते पूरा किया जा सके.

गर्दन दर्द को ठीक करने के लिए ये भी जरूरी

सही पोस्चर में बैठने की आदत डालें.

लंबे समय तक एक ही स्थिति में न बैठें.

हल्की गर्दन की एक्सरसाइज करें.

मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल सीमित रखें.

दर्द ज्यादा हो तो डॉक्टर से सलाह लें.

Post a Comment

Previous Post Next Post