Top News

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के तहत इंदौर में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम संपन्नA consumer awareness program was held in Indore as part of National Consumer Day.

 उपभोक्ता जागरूकता, त्वरित निवारण और मिलावट के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस, इंदौर प्रशासन की निरंतर प्रतिबद्धता : कलेक्टर श्री शिवम वर्मा

इंदौर,राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस-2025 के अवसर पर आज इंदौर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले का मुख्य कार्यक्रम कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग क्रमांक 01 एवं 02 के अध्यक्ष श्री विकास राय मुख्य अतिथि थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आयोग क्रमांक 01 के सदस्य श्री कुंदन सिंह चौहान, डॉ. निधि बारंगे और आयोग क्रमांक 02 के सदस्य श्री लालजी तिवारी उपस्थित शामिल हुए।


कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सही दाम और सही माप के अनुसार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। मिलावटखोरों के विरुद्ध लगातार अभियान चल रहा है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी सहित सभी सेवाओं में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता, त्वरित निवारण और मिलावट के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस इंदौर प्रशासन की निरंतर प्रतिबद्धता है।

स्वागत भाषण जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल. मारू ने दिया। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता मार्गदर्शन केन्द्र के माध्यम से पिछले एक वर्ष में 300 से अधिक प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया। विभागीय नवाचारों की कुंदन सिंह चौहान तथा डॉ. निधि बारंगे ने सराहना की। मेडिकल क्षेत्र में उपभोक्ता जागरूकता पर भी बल दिया गया।

मुख्य अतिथि श्री विकास राय ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रभावी प्रावधानों (CCPA) को उदाहरणों सहित समझाया। सुप्रीम कोर्ट में प्रचलित ऑटो इंडस्ट्री से जुड़ी गाइडलाइंस/दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रश्नोत्तरी सत्र में उपस्थित उपभोक्ताओं के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए। साथ ही, आयोगों द्वारा पिछले दो वर्षों में समय-सीमा में पारित आदेशों एवं उनके क्रियान्वयन की प्रगति से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नापतौल विभाग, राज्य सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स, बीएसएनएल, विद्युत विभाग, सांची दुग्ध संघ, कृषि विभाग सहित स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों द्वारा उपभोक्ता अधिकारों एवं कानूनी जानकारी का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों ने उपभोक्ता जागरूकता हेतु किया जा रहे  कार्यों के लिए पं. डी.जी. मिश्र, श्री मुकेश अमोलिया, श्री आर.के. शुक्ला सहित विभिन्न संगठनों/अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उपभोक्ता मार्गदर्शन केन्द्र की स्थापना में उल्लेखनीय योगदान हेतु  कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीराहुल शर्मा का विशेष सम्मान किया गया। तीन श्रेष्ठ जागरूक उपभोक्ताओं—श्री रामनरेश भदौरिया, श्रीमती प्रार्ची आर्य एवं श्रीमती राशि कौशिक को तुलसी का पौधा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आभार सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री एस.एस. व्यास ने व्यक्त किया तथा संचालन  कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एस.एस. गामड द्वारा किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post