Top News

हेमंत खंडेलवाल की नई टीम में युवाओं और महिलाओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली से हरी झंडी Youth and women will get big responsibility in Hemant Khandelwal's new team, green signal from Delhi

 

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यकारिणी के ऐलान की पूरी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, नई कार्यकारिणी की सूची को दिल्ली से हरी झंडी मिल चुकी है और आज शाम तक प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपनी टीम की घोषणा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्यकारिणी 26 सदस्यों वाली होगी, जिसमें संगठन संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा गया है।

 सूत्रों के मुताबिक, टीम खंडेलवाल में चार महामंत्री, नौ उपाध्यक्ष और नौ मंत्री बनाए जा सकते हैं। हेमंत खंडेलवाल ने कुछ पदों को रणनीतिक कारणों से फिलहाल रोक रखा है, जिन पर आगे फैसला होगा। नई कार्यकारिणी को लेकर कहा जा रहा है कि सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व मिलेगा और संगठन में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सूत्र बताते हैं कि इंदौर के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव रणदिवे को महामंत्री बनाए जाने की संभावना है, जबकि सागर की सांसद लता वानखेड़े को अहम पद मिल सकता है। इसके अलावा राहुल कोठरी और सुमेर सिंह के नाम भी महामंत्री पद के लिए चर्चा में हैं। वहीं, मौजूदा प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर को भी नई टीम में बनाए रखने के संकेत हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह कार्यकारिणी पूरी तरह से संतुलित और समन्वयकारी होगी, जिसमें अनुभव और युवा जोश का मेल दिखाई देगा। हेमंत खंडेलवाल ने टीम गठन से पहले संगठन के वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्रीय इकाइयों से राय-मशविरा किया है ताकि किसी भी वर्ग या क्षेत्र की उपेक्षा न हो। भाजपा की इस नई टीम पर सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इसके जरिए पार्टी प्रदेश में आने वाले निकाय चुनावों और आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिए अपनी रणनीति तय करेगी। शाम तक जैसे ही सूची सार्वजनिक होगी, प्रदेश में भाजपा संगठन की नई दिशा और नेतृत्व के स्वरूप पर भी तस्वीर साफ हो जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post