Top News

इंदौर में चोपड़ा पूजन के साथ शुरू होगा व्यापार का नया साल, चार दिन तक अलग-अलग बाजारों में शगुन में होंगे सौदेThe new business year begins with Chopra Pujan in Indore, with auspicious deals taking place in various markets for four days.

 

इंदौर में चोपड़ा पूजन के साथ व्यापार का नया साल शुरू होगा। चार दिनों तक अलग-अलग बाजारों में शगुन में सौदे होंगे। सराफा बाजार, कपड़ा बाजार और अनाज मंडियों में मुहूर्त के सौदे किए जाएंगे। व्यापारी दीपावली तक का पुराना लेन-देन निपटा देंगे और नए खातों में नए साल का हिसाब लिखेंगे।



इंदौर। नए संवत्सर की शुरुआत तो चैत्र मास से हो गई है लेकिन बाजारों के लिए परंपरागत नया साल अब शुरू होगा। दीपावली के बाद व्यापार का मुहूर्त कर व्यापारी नव संवत्सरि के सौदों की शुरुआत करेंगे। बाजार और व्यापार की परंपरा में शामिल नए साल की धूम चार दिनों तक शहर के बाजारों में दिखाई देगी। नए साल के मुहूर्त की शुरुआत सराफा बाजार और परिधानों के बाजार से होगी। छावनी अनाज मंडी में सबसे अंत में व्यापारी नए साल की शुरुआत अन्नकूट व 56 भोग के साथ करेंगे।

बाजार में नए साल की शुरुआत करते हुए व्यापारी दीपावली तक का पुराना लेन-देन निपटा देते हैं। इसी के साथ पुराने लेखा-खातों को भी बदल दिया जाता है। नए खातों में नए साल का हिसाब लिखने की शुरुआत खास और शुभ मुहूर्त में की जाती है। आने वाले पूरे वर्ष में व्यापार खूब बढ़े, इसी कामना के साथ चोपड़ा यानी बहीखातों के पूजन के साथ इन पर श्री लिखकर बाजारों में नववर्ष का व्यापारिक मुहूर्त किया जाता है।

संवत्सरि 2082 के व्यापारिक नववर्ष के स्वागत के लिए बाजार तैयार है। दीपावली की व्यस्तता से निवृत्त व्यापारी अब उल्लास के साथ नए साल का व्यापार शुरू करेंगे। इस अवसर पर मुहूर्त के सौदों की खास परंपराएं भी नजर आएंगी। बाजारों में खास पूजन होगा। लक्ष्मी को प्रिय माने जाने वाले धनिया, हल्दी, गुड़ जैसी खास वस्तुओं के सौदे सबसे पहले शगुन मानते हुए किए जाएंगे। मंडियों में नई फसल भी मुहूर्त सौदों के लिए पहुंचेगी और उसे ऊंचे दाम भी मिलेंगे ताकि वर्षभर अच्छी कीमत पर किसानों की उपज बिकती रहे।

शहर की दो मंडियों में नए साल का व्यापार गुरुवार यानी 23 अक्टूबर से शुरू होगा। अहिल्याबाई होलकर थोक (चोइथराम) मंडी में आलू-प्याज मंडी में सुबह 8.21 बजे व्यापारिक मुहूर्त होगा। नए सौदों से पहले आरती-पूजन और जमकर आतिशबाजी भी नजर आएगी। इसी दिन लक्ष्मीबाई अनाज मंडी में भी दीपावली मुहूर्त सौदे होंगे। लक्ष्मीबाई मंडी में सुबह 10.30 बजे मुहूर्त के बाद दीपावली मिल समारोह आयोजित होगा।

सियागंज के चौक पर दिखेगी परंपरा

दि सियागंज होलसेल मर्चेंट किराना बाजार में दीपावली मुहूर्त सौदे 24 अक्टूबर को दोपहर 12.15 बजे होंगे एवं व्यापारी एसोसिएशन का मिलन समारोह भी आयोजित होगा। प्रदेश की सबसे बड़ी मानी जाने वाली इस थोक किराना मंडी में दीपावली मुहूर्त पर खास परंपरा का पालन होगा। व्यापारी, दलाल और हम्माल बाजार के चौक पर महालक्ष्मी पूजन करेंगे। आरती के बाद शगुन में लक्ष्मी को प्रिय वस्तुओं के सौदे पहले किए जाएंगे।

थोक कपड़ा बाजार महाराजा तुकोजीराव क्लाथ मार्केट में भी नए संवत्सर में व्यापार का मुहूर्त कारोबार 24 अक्टूबर को सुबह छह से दोपहर 1.30 बजे तक होगा। तीन दिनों के अवकाश के बाद बाजार में दुकानें खोली जाएंगी।

छावनी मंडी में अन्नकूट

संयोगितागंज (छावनी) अनाज मंडी में दीपावली मुहूर्त सौदे 25 अक्टूबर को होंगे। दोपहर 12.22 बजे महालक्ष्मी पूजन और 12.31 बजे मुहूर्त के पहले सौदे होंगे। अन्नकूट के साथ 56 भोग अर्पित किए जााएंगे। व्यापारियों का मिलन समारोह होगा और इसी दिन सुबह आठ बजे किसानी मंडी में भी मुहूर्त के सौदे किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post