बिहार में अपनी सत्ता पर पकड़ मजबूत करने की कोशिश में लगे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने आज शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र (Manifesto) जारी कर दिया जिसे उन्होंने 'संकल्प पत्र' नाम दिया है। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी तथा उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के सभी प्रमुख घटक दलों के नेता मौजूद थे। एनडीए ने इस संकल्प पत्र में विकसित बिहार की कल्पना को साकार करने के लिए 25 प्रमुख संकल्प निर्धारित किए हैं।
संकल्प पत्र के प्रमुख वादे (Promises)
एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में समाज के हर वर्ग को साधने की कोशिश की है जिनमें प्रमुख वादे निम्नलिखित हैं:
1. युवा, रोज़गार और कौशल विकास
नौकरी एवं रोज़गार: 1 करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी और रोज़गार प्रदान करने का वादा।
कौशल विकास: कौशल जनगणना कराकर कौशल आधारित रोज़गार देना। हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित कर बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर बनाना।
2. महिला समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता
आर्थिक सहायता: मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना के तहत महिला उद्यमियों को ₹2 लाख तक की सहायता राशि देना।
सशक्तिकरण: 1 करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाना और चिह्नित महिला उद्यमियों को 'मिशन करोड़पति' के ज़रिए करोड़पति बनाने की दिशा में काम करना।
3. अति पिछड़ा वर्ग को आर्थिक बल (EBC Support)
वित्तीय सहायता: तांति, ततमा, निषाद, मल्लाह, तेली, तमोली आदि अति पिछड़े वर्ग की विभिन्न जातियों को ₹10 लाख की सहायता देना।
उच्च स्तरीय समिति: सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति का गठन करना, जो इन जातियों के सशक्तिकरण के लिए सुझाव देगी।
4. किसान, एमएसपी और कृषि क्रांति
किसान सम्मान: कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि शुरू करके किसानों को हर साल ₹3,000 (कुल ₹9,000) देना।
एमएसपी गारंटी: पंचायत स्तर पर सभी प्रमुख फसलों (धान, गेहूं, दलहन, मक्का) की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद करना।
मिशन: जुब्बा सहनी मत्स्य पालक सहायता योजना शुरू कर हर मत्स्य पालक को ₹9,000 की सहायता देना। 'मत्स्य मिशन' से उत्पादन और निर्यात दोगुना करना और बिहार दुग्ध मिशन से प्रखंड स्तर पर चिलिंग सेंटर स्थापित करना।
कृषि निर्यात: 5 मेगा फूड पार्क स्थापित करना। कृषि निर्यात दोगुना करना और बिहार को मखाना, मछली एवं अन्य उत्पादों का ग्लोबल एक्सपोर्ट सेंटर बनाना।
5. एक्सप्रेस वे एवं शहरी विकास
कनेक्टिविटी: बिहार गति शक्ति मास्टर प्लान पेश करना, 7 एक्सप्रेसवे का निर्माण और 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण करना।
मेट्रो और हवाईअड्डे: 4 नए शहरों में मेट्रो रेल सेवा शुरू करना। न्यू पटना में ग्रीनफील्ड शहर और 4 शहरों (पटना, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर) में अंतर्राष्ट्रीय/ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण करना।
धार्मिक विकास: मां जानकी की जन्मस्थली को 'सीतापुरम' के रूप में विकसित करना।
6. औद्योगिक और टेक्नोलॉजी हब
औद्योगिक क्रांति: विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के तहत ₹1 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित कर औद्योगिक क्रांति लाना।
हर जिले में फैक्ट्री: हर जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाना।
टेक हब: बिहार को पूर्वी भारत का नया टेक हब बनाना। डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क और AI हब स्थापित करना।
कुटीर उद्योग: 100 एमएसएमई पार्क और 50,000 से अधिक कुटीर उद्यमों से 'वोकल फॉर लोकल' को बढ़ावा देना।
7. गरीबों के लिए 'पंचामृत' और शिक्षा
सामाजिक सुरक्षा: मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज, 50 लाख नए पक्के मकान और सामाजिक सुरक्षा पेंशन देना।
शिक्षा: KG से PG तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना। स्कूलों में पौष्टिक नाश्ता और आधुनिक स्किल लैब स्थापित करना।
8.खेल, स्वास्थ्य और संस्कृति
स्वास्थ्य: हर जिले में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का समय पर निर्माण और विश्वस्तरीय मेडिसिटी बनाना।
खेल: बिहार स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण और हर प्रमंडल में 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' स्थापित करना।
फिल्म सिटी: बिहार को कला, संस्कृति और सिनेमा का केंद्र बनाने के लिए फिल्म सिटी और शारदा सिन्हा कला एवं सांस्कृतिक विश्वविद्यालय की स्थापना।
9. बाढ़ मुक्त बिहार (Flood Control)
समाधान: अगले 5 सालों में बिहार को बाढ़ मुक्त राज्य बनाना। इसके लिए फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड की स्थापना और 'फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल' के तहत नदी जोड़ परियोजनाएँ शुरू करना।

Post a Comment