अजित पवार विमान हादसे पर आरोपों से महाराष्ट्र की सियासत गरमाई, तांबे ने कहा—बिना ठोस आधार फडणवीस को जोड़ना गलत
अजित पवार की विमान दुर्घटना को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर विमान संचालक कंपनी वीएसआर वेंचर्स के मालिक वी.के. सिंह को बचाने का आरोप लगाया था। हालांकि रोहित पवार ने साफ किया कि वे फडणवीस पर हादसा कराने या साजिश में शामिल होने का आरोप नहीं लगा रहे हैं।
अब निर्दलीय विधान परिषद सदस्य सत्यजीत तांबे ने रोहित पवार को घेरा है। तांबे ने कहा कि बिना ठोस आधार किसी दुखद हादसे को फडणवीस से जोड़ना गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने रोहित को सलाह दी कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है, लेकिन उसके लिए राजनीतिक और व्यक्तिगत सीमाएं नहीं लांघनी चाहिए।
तांबे ने कहा कि सार्वजनिक बयान देने से पहले मुद्दे की गंभीरता, समय और संभावित परिणामों पर विचार होना चाहिए। उनका सीधा संदेश था—राजनीति में जल्दबाजी नहीं, संयम, अध्ययन और निरंतरता काम आती है।
उधर फडणवीस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर विमान हादसे की जांच जल्द पूरी कराने और रिपोर्ट जारी करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें