17 से 20 नवंबर तक हर बूथ पर विशेष अभियान, डुप्लीकेट नाम से लेकर गलत उम्र, लिंग और धुंधली तस्वीर की होगी पड़ताल।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर विशेष जांच अभियान शुरू होने जा रहा है। 17 से 20 नवंबर तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और पर्यवेक्षक मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे।
अभियान के दौरान बूथ स्तर पर मतदाता सूची की एक-एक प्रविष्टि को जांचने पर जोर रहेगा। डुप्लीकेट नाम, गलत उम्र, लिंग संबंधी त्रुटि और धुंधली तस्वीर जैसी कमियों को चिन्हित किया जाएगा। इसके अलावा मतदाता सूची में अन्य संभावित विसंगतियों की भी पड़ताल होगी।
अधिकारियों के मुताबिक इस अभ्यास का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ठीक किया जाएगा।
यह अभियान ऐसे समय में हो रहा है जब मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर राजनीतिक दल लगातार सवाल उठाते रहे हैं। अब चार दिनों की बूथवार जांच के बाद सामने आने वाली रिपोर्ट पर सभी की नजर रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें