Top News
Loading...

कंक्रीट साम्राज्य का कच्चा चिट्ठा

दस्तावेजों का निर्णायक हिसाब

खसरा नंबर से कॉर्पोरेट जाल तक—370 करोड़ के कथित साम्राज्य पर अब कानून की सीधी नजर

रिपोर्ट: प्रणव बजाज

उज्जैन की फ्रीगंज की दुकान से इंदौर के पिपलियाहाना तक फैले कारोबारी नेटवर्क की पड़ताल में जमीन, निर्माण और कंपनियों से जुड़े कई ऐसे दस्तावेज सामने आते हैं, जिनकी स्वतंत्र जांच जरूरी है। सवाल अब सिर्फ एक इमारत का नहीं, बल्कि 1995 से चले आ रहे पूरे कारोबारी ढांचे का है।



पिपलियाहाना रिंग रोड स्थित एसेन्शिया लग्जरी होटल से जुड़े भूमि अभिलेखों में खसरा नंबर 477/1, 452/2/1, 472/1/1/1, 473, 474/मिन-1, 440, 441 और 474-मिन-2 का उल्लेख मिलता है। सितंबर 2025 में तत्कालीन भवन अधिकारी विशाल राठौड़ और नगर निगम के हटाओ दस्ते द्वारा तीन मंजिला अग्रभाग पर कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद होटल की व्यावसायिक गतिविधियां जारी रहने को लेकर सवाल खड़े होते हैं।


होटल का संचालन अवेरिना इंटरनेशनल रिसॉर्ट्स से जुड़ा बताया जाता है। कंपनी के प्रमुख नामों में जेवियर फर्टाडो, सविता डासिल्वा और मोहम्मद परवेज का उल्लेख मिलता है। ऐसे में भवन की स्वीकृति, निर्माण और वर्तमान संचालन की स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट होना चाहिए।


दूसरी बड़ी कड़ी कंपनियों के नेटवर्क की है। कृशु मोटर क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड वर्ष 1995 में पंजीकृत कंपनी है। उपलब्ध कंपनी विवरण में विक्रम दादवानी, रितेश दादवानी, नीना दादवानी और सान्या दादवानी के नाम सामने आते हैं। इसके अलावा ऑटो किंग कंबाइन्स, वीक्रम मोटर क्राफ्ट, प्रिंस विन क्राफ्ट, नीना मोटर्स और प्रिंस इलेक्ट्रॉनिक्स भी जांच के दायरे में आते हैं।


सबसे बड़ा सवाल है—इन कंपनियों के बीच हुए आपसी ऋण, पूंजी हस्तांतरण, शेयर मूल्यांकन और संपत्तियों में निवेश का वास्तविक आधार क्या था?


क्या उज्जैन से इंदौर तक फैले इस कारोबारी नेटवर्क में 370 करोड़ रुपये की संपत्तियों और पूंजी का पूरा स्रोत स्पष्ट है?


अब प्रशासन के सामने चार सीधे सवाल हैं—


पहला, पिपलियाहाना के सभी संबंधित खसरों पर बने निर्माण की स्वतंत्र तकनीकी जांच कब होगी?


दूसरा, निर्माण के समय जिम्मेदार भवन अधिकारियों और नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के अधिकारियों की भूमिका की जांच क्यों नहीं हुई?


तीसरा, कृशु मोटर क्राफ्ट, ऑटो किंग कंबाइन्स, वीक्रम मोटर क्राफ्ट और प्रिंस विन क्राफ्ट के बीच हुए वित्तीय लेनदेन की स्वतंत्र जांच कब होगी?


चौथा, एसेन्शिया होटल की भवन अनुमति, उपयोग अनुमति और अग्नि सुरक्षा संबंधी अनुमतियों की वर्तमान स्थिति क्या है?


यह मामला किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने का फैसला नहीं है। लेकिन दस्तावेजों से उठे सवालों के जवाब देना जरूरी है।


आम आदमी की छोटी-सी दीवार पर कार्रवाई तत्काल होती है, तो करोड़ों की संपत्ति और बड़े कारोबारी नेटवर्क से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होने में वर्षों क्यों लगते हैं?


370 करोड़ का सवाल अब सिर्फ जमीन का नहीं है।


सवाल है—कागजों में सब कुछ साफ है, तो जांच से डर कैसा?


इंदौर अब आश्वासन नहीं, दस्तावेजों के आधार पर जवाब चाहता है।

Post a Comment

और नया पुराने