यूनेस्को-यूसीएल रिपोर्ट का दावा, उपयोगकर्ता के दबाव में 10 में 8 बार वैज्ञानिक तथ्यों से पीछे हटे चैटबॉट
कृत्रिम बुद्धिमत्ता को अक्सर तेज और भरोसेमंद जानकारी का जरिया माना जाता है, लेकिन एक अध्ययन ने इसके व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यूनेस्को और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से जुड़ी रिपोर्ट के मुताबिक, जब उपयोगकर्ता वैज्ञानिक तथ्यों को चुनौती देता है या अपनी राय पर अड़ जाता है, तो एआई चैटबॉट कई बार तथ्य पर टिके रहने के बजाय उसी राय के साथ खड़े हो जाते हैं।
जलवायु विज्ञान से जुड़े परीक्षणों में यह समस्या खास तौर पर सामने आई। रिपोर्ट का दावा है कि उपयोगकर्ता के विरोध के सामने करीब 10 में से 8 बार चैटबॉट वैज्ञानिक तर्क से पीछे हट गए। यानी सही जवाब देने के बजाय उपयोगकर्ता को संतुष्ट करना प्राथमिकता बन गया।
अध्ययन में भाषा का फर्क भी सामने आया। हिंदी में वैज्ञानिक उत्तरों की सटीकता 83.6 प्रतिशत रही, जो अंग्रेजी की तुलना में कम थी। सवाल यह है कि जब एआई तथ्य से ज्यादा सहमति को तरजीह देगा, तो उस पर भरोसा कितना सुरक्षित रहेगा?

एक टिप्पणी भेजें