प्रणव बजाज
मध्य प्रदेश में आबकारी विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जहरीली शराब कांड हो या शराब माफिया द्वारा ट्रक से टीआई को कुचलने की घटना, इन मामलों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब आबकारी अधिकारियों पर उंगलियां उठी हों। हाल के वर्षों में दीपम रायचुरा, संजीव दुबे, मंदाकिनी दीक्षित, आलोक खरे, धर्मेंद्र भदौरिया, पराक्रम चंद्रावत और रीनी गुप्ता जैसे अधिकारियों के नाम अलग-अलग मामलों में सामने आ चुके हैं।
ये हैं दागदार आबकारी अधिकारियों के नाम...
दीपम रायचुरा
आबकारी मंत्री और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के ओएसडी तथा सहायक आबकारी आयुक्त दीपम रायचुरा इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में रहे हैं। रायचुरा और शराब ठेकेदार जसवंत सिंह के खिलाफ लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार की कई धाराओं में मामला दर्ज किया। मामला फर्जी एफडी से जुड़ा है। प्रकरण दर्ज होने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया था।
संजीव दुबे
जबलपुर में पदस्थ सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। इंदौर में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2015 में हुए 72 करोड़ रुपए के आबकारी घोटाले में उनकी मिलीभगत के आरोप लगे। मामले की जांच ईडी भी कर रही है। करीब एक दर्जन ठेकेदारों और शराब दुकान संचालकों को आरोपी बनाया गया। आरोप है कि फर्जी चालान के जरिए कम रकम जमा कर ज्यादा राशि दर्शाई गई और वेयरहाउस से बड़ी मात्रा में शराब उठाई गई।
मंदाकिनी दीक्षित
देवास की तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित पर शराब ठेकेदार से रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे थे। देवास के शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना ने वीडियो बनाने के बाद आत्महत्या कर ली थी। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया था कि दीक्षित हर शराब दुकान से हर महीने 1.5 लाख रुपए मांगती थीं। मकवाना की पांच दुकानें थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि दीक्षित पहले ही उनसे 20 लाख रुपए ले चुकी थीं। मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर पीठ की एकल पीठ ने दीक्षित के खिलाफ सीबीआई को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। हालांकि बाद में खंडपीठ ने सीबीआई जांच के आदेश को खारिज कर दिया।
आलोक खरे
वर्ष 2019 में लोकायुक्त ने इंदौर के तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त आलोक खरे के ठिकानों पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान उनकी संपत्तियों का खुलासा हुआ। जांच में खरे के पास 100 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति मिलने की बात सामने आई थी। आय से अधिक संपत्ति के इस मामले ने आबकारी विभाग के अधिकारियों की संपत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।
धर्मेंद्र भदौरिया
आबकारी विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी धर्मेंद्र भदौरिया के ठिकानों पर अक्टूबर 2025 में लोकायुक्त ने छापा मारा था। कार्रवाई में उनके यहां बड़ी मात्रा में सोना मिला, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई। जांच में उनकी कुल संपत्ति करीब 35 करोड़ रुपए की मिली। भदौरिया के पास आलीशान कोठी भी मिली थी। वह मध्य प्रदेश और गुजरात की सीमा से लगे झाबुआ जिले में पदस्थ रहे थे। झाबुआ गुजरात में अवैध शराब की सप्लाई के लिए भी जाना जाता है।
पराक्रम चंद्रावत
आबकारी अधिकारी पराक्रम चंद्रावत के ठिकानों पर भी लोकायुक्त कार्रवाई कर चुकी है। कार्रवाई में उनके पास करोड़ों रुपए की संपत्ति मिलने की बात सामने आई थी। वर्ष 2021 में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। चंद्रावत अपनी कार्यशैली को लेकर भी कई बार विवादों में रहे। उनके पिता की हत्या के बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के आधार पर आबकारी विभाग में नौकरी मिली थी।
रीनी गुप्ता
उमरिया की जिला आबकारी अधिकारी रीनी गुप्ता पर भी लोकायुक्त कार्रवाई कर चुकी है। 29 अगस्त 2023 को रीवा लोकायुक्त की टीम ने उन्हें कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय से 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोप था कि उन्होंने शराब ठेकेदार से नई दुकान खोलने और वीआईपी कार्यक्रमों के लिए चंदा देने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।
20 हजार करोड़ के शराब ठेके
मध्य प्रदेश में करीब 3 हजार 500 शराब दुकानें हैं। इनके सालाना ठेके करीब 20 हजार करोड़ रुपए में दिए जाते हैं। प्रदेश में शराब महंगी होने के कारण उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों से भी शराब लाई जाती है। महंगे ठेके लेने वाले ठेकेदार वेयरहाउस से शराब उठाते हैं और ज्यादा मुनाफे के लिए इसे गुजरात भेज देते हैं।
देवास में टीआई की मौत के मामले में भी शराब तस्करी का मामला सामने आया था। गुजरात सीमा से लगे जिलों में शराब तस्करी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जाते हैं। कम आबादी वाले इलाकों की दुकानें भी महंगे दामों पर ली जाती हैं, ताकि वहां से शराब गुजरात भेजकर खपाई जा सके। सवाल यही है कि करोड़ों के इस कारोबार में विभाग की निगरानी कितनी मजबूत है और आखिर अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी किसकी है?

एक टिप्पणी भेजें