भारत ग्लोबल गेमिंग हब बने, लेकिन डिजिटल विकास की कीमत प्रकृति से वसूलना कितना सही?
प्रणव बजाज : सम्पादकीय
भारत गेमिंग की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रहा है। करोड़ों गेमर्स, हजारों कंपनियां और लाखों रोजगार इस क्षेत्र को नई अर्थव्यवस्था की ताकत बना रहे हैं। यह उपलब्धि स्वागत योग्य है। लेकिन विकास की इस कहानी का दूसरा पन्ना भी पढ़ना होगा।
गेम बनाना सीधे तौर पर पर्यावरण का दुश्मन नहीं है। असली सवाल उन डेटा सेंटरों का है, जहां ये खेल चलते हैं, आंकड़े सुरक्षित रहते हैं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक तैयार होती है। सर्वर लगातार गर्म होते हैं और उन्हें ठंडा रखने के लिए बिजली के साथ पानी भी चाहिए। भारत में डेटा सेंटरों का पानी उपयोग 2025 में करीब 150 अरब लीटर बताया गया है।
विडंबना यह है कि जिस देश के कई शहर गर्मियों में पानी के लिए तरसते हैं, वहीं डिजिटल अर्थव्यवस्था तेजी से पानी मांग रही है।
इसका मतलब गेमिंग रोकना नहीं है। मतलब है—गेमिंग बढ़े, रोजगार बढ़े, निर्यात बढ़े, लेकिन पानी और पर्यावरण की कीमत पर नहीं।
सरकार को हर बड़े डेटा सेंटर के लिए जल बजट, पुनर्चक्रित पानी, वर्षाजल संचयन और ऊर्जा दक्षता अनिवार्य करनी चाहिए। कंपनियों को भी अपनी डिजिटल सफलता के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
भारत दुनिया को गेम जरूर खिलाए, लेकिन अपने भविष्य को दांव पर लगाकर नहीं।

एक टिप्पणी भेजें