Top News
Loading...

सफेदपोशों, भू-माफियाओं और सिस्टम के ‘नापाक गठजोड़’ की परत-दर-परत पड़ताल

महा-खुलासा : एपिसोड-4

₹500 करोड़ की जमीन, खाकी पर पत्थर और ‘संयम’ का सियासी-कॉर्पोरेट कॉकटेल: डायमंड पैलेस कांड में रसूखदारों की घेराबंदी!



• कनाड़िया की 17 एकड़ बेशकीमती भूमि पर कब्जे के खूनी खेल ने खोली ‘सिस्टम’ की पोल; संयम इंफ्रा के निदेशक प्रतीक संघवी, कांग्रेस नेता पंकज संघवी और दीपक मद्दा से पुलिस की मैराथन पूछताछ।


• कंपनी के सरकारी दस्तावेजों से बड़ा खुलासा: जिस कंपनी की जमीन पर मचा घमासान, उसके निदेशकों में प्रतीक संघवी के साथ भू-माफिया दीपक मद्दा का नाम भी दर्ज रहा है।


इंदौर। शहर के सबसे पॉश और तेजी से विकसित होते कनाड़िया क्षेत्र स्थित डायमंड पैलेस कॉलोनी की करीब 17 एकड़, अनुमानित बाजार मूल्य ₹500 करोड़, जमीन के विवाद ने इंदौर के रसूखदार कारोबारी घरानों, राजनीतिक गलियारों और भू-माफियाओं के बीच कथित गठजोड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कनाड़िया थाने के आरक्षकों पर हुए जानलेवा हमले और पथराव की गूंज अब थाने से निकलकर उन दफ्तरों तक पहुंच गई है, जहां शहर की बेशकीमती जमीनों से जुड़े फैसले लिए जाते हैं।



खाकी पर हमला: मोहरे गिरफ्तार, अब ‘मास्टरमाइंड’ की तलाश में पुलिस




डायमंड पैलेस कॉलोनी की विवादित 17 एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर स्थानीय रहवासियों और ‘संयम इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़े लोगों के बीच उपजा तनाव हिंसक रूप ले चुका था। कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे कनाड़िया थाने के आरक्षक विजय सिकरवार और आशीष शर्मा पर हुए पथराव ने प्रशासन को सीधे चुनौती दी।


गिरफ्तारी और सख्ती : पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से जुड़े आरोपी मोहसिन अली, मोहम्मद अफजल, दर्शन कृष्णारे और चंदन वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के तहत आगे बढ़ाया।


रसूखदारों पर शिकंजा : पुलिस की तफ्तीश में जमीन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल के दौरान मामला ‘संयम इंफ्रा’ से जुड़ता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने प्रतीक संघवी और उनके चाचा तथा कांग्रेस नेता पंकज संघवी को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया।


पूछताछ के तीखे सवाल : पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में इस बात पर फोकस रहा कि मौके पर पहुंचे लोगों की भूमिका क्या थी और विवादित जमीन से जुड़े घटनाक्रम में उनकी भूमिका अथवा जानकारी किस स्तर तक थी।



कंपनी के दस्तावेजों में बड़ा खुलासा: ‘संयम’ की कुंडली में मद्दा!




अखबार की विशेष पड़ताल में सरकारी कंपनी दस्तावेजों से सामने आए रिकॉर्ड के अनुसार, ओल्ड पलासिया स्थित नवनीत दर्शन पते पर पंजीकृत संयम इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों की सूची में प्रतीक संघवी और जयश्री संघवी के साथ दिलीप सिसोदिया उर्फ दीपक जैन मद्दा का नाम भी दर्ज रहा है।


मद्दा से लंबी पूछताछ : इसी कारोबारी और जमीन से जुड़े पुराने संबंधों की कड़ियों को समझने के लिए पुलिस ने दीपक मद्दा को भी पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि करीब एक दशक पुराने जमीन विवाद और हालिया पथराव के बीच कोई संबंध है या नहीं।


प्रशासनिक एंगल


ईडी ने ₹500 करोड़ की संपत्तियां कुर्क कीं, पर सहकारिता विभाग के उन अफसरों की भूमिका पर सवाल कब उठेंगे, जिन्होंने कथित फर्जी चुनावों को वैधता दी?


जमीन के इस खेल में केवल माफिया और रसूखदार ही नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र की कथित चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। प्रवर्तन निदेशालय की आधिकारिक कार्रवाई और धनशोधन निवारण कानून के तहत हुई जांच ने सहकारी संस्थाओं की जमीनों से जुड़े मामलों में प्रशासनिक भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


प्रवर्तन निदेशालय का शिकंजा : आधिकारिक जांच के अनुसार, इंदौर की गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं की जमीनों को कथित रूप से अवैध तरीके से खुर्द-बुर्द करने के मामले में करीब ₹500 करोड़ बाजार मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया था। कार्रवाई के दौरान ₹91.21 लाख नकद बरामद होने की बात भी सामने आई थी।


‘फर्जी चुनाव’ का आरोप : जांच में यह बात सामने आई कि शहरी भूमि सीमा कानून के तहत गरीब और मध्यमवर्गीय सदस्यों को आवास उपलब्ध कराने के लिए छूट प्राप्त जमीनों को बिल्डरों तक पहुंचाने के लिए कथित रूप से कागजी और हेरफेर वाले चुनावों का सहारा लिया गया।

शासन के लिए बड़ा सवाल : सहकारी संस्थाओं के चुनाव और उनकी प्रबंधकारिणी की वैधता में सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सवाल यह है कि यदि कथित रूप से बंद कमरों में चुनावों की प्रक्रिया में हेरफेर हुआ और सदस्यों की जमीनों के इस्तेमाल का रास्ता तैयार किया गया, तो उस दौरान संबंधित अधिकारियों की भूमिका क्या थी? क्या शासन तत्कालीन उपायुक्तों, अंकेक्षकों और निरीक्षकों की भूमिका की भी जांच करेगा?

पक्ष एवं आधिकारिक स्थिति

इस पूरे प्रकरण में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संयम इंफ्रा के निदेशक प्रतीक संघवी, पंकज संघवी और दिलीप सिसोदिया को जांच के दायरे में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में प्रतीक संघवी और संयम इंफ्रा का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, किंतु उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। उनका पक्ष प्राप्त होते ही प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने