‘गांजा रखवा दो’ मामले के बाद दीपक मिश्रा की पदस्थापना पर उठे सवाल, बिना पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव आदेश जारी होने की चर्चा
सिवनी/भोपाल। सिवनी के होटल में बालिग युवक-युवती को गांजा रखकर फंसाने की कथित धमकी का मामला अब पुलिस कार्रवाई से आगे बढ़कर अधिकारियों की पदस्थापना तक पहुंच गया है। वायरल वीडियो के बाद तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी सतीश तिवारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
अब सवाल दीपक मिश्रा की जुलाई 2025 में सिवनी में हुई पदस्थापना पर उठ रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि उनकी पदस्थापना के लिए पुलिस मुख्यालय से औपचारिक प्रस्ताव नहीं भेजा गया था और आदेश सीधे मंत्रालय स्तर से जारी हुआ। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है तो पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।
दीपक मिश्रा इससे पहले सिवनी के लखनादौन में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रह चुके थे। इसके बावजूद उन्हें उसी जिले में दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से सिफारिश और प्रभाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
13 नवंबर को बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में हुई कार्रवाई के बाद मामला सामने आया। होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर हर माह 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। स्थानीय विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर कार्रवाई हुई। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला भी अब पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। जांच के साथ पदस्थापना की फाइल भी खंगाली जाती है या नहीं, इस पर सबकी नजर है।

एक टिप्पणी भेजें