मुंबई-गोवा हाईवे पर कंटेनर की टक्कर से बोलेरो खाई में गिरी, एएसआई और चालक की मौत
रत्नागिरि। महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात दर्दनाक हादसे में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) और कंटेनर चालक की मौत हो गई। जिस दुर्घटना की जांच के लिए पुलिस टीम निकली थी, उसी घटनास्थल के रास्ते में उसकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम एक वाहन के नदी में गिरने की सूचना पर अंजनारी पुल के पास जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक कंटेनर ने पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो और कंटेनर दोनों करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरे।
हादसे में घायल एएसआई और कंटेनर चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में बचाव अभियान चलाया गया।
अंजनारी पुल के आसपास हुई इस दुर्घटना ने राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर फिर सवाल खड़े किए हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा।

एक टिप्पणी भेजें