सिवनी कांड ने खोली निगरानी की पोल, पूर्व डीजी बोले—अफसरों पर कार्रवाई का डर खत्म
भोपाल। सिवनी के होटल सिद्धार्थ में प्रेमी जोड़े को झूठे गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर कथित रिश्वत मांगने का मामला मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी नजर आ रहे हैं। होटल संचालक का आरोप है कि उससे दो महीने से हर महीने 50 हजार रुपए मांगे जा रहे थे और 20 हजार रुपए वह दे भी चुका था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए हैं।
पूर्व विशेष डीजी शैलेष सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में ताकत का केंद्रीकरण है, लेकिन प्रभावी निगरानी और जवाबदेही का मजबूत तंत्र नहीं है। गड़बड़ी पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से मैदानी अमले में कार्रवाई का डर कम होता है। पूर्व डीजी एनके त्रिपाठी ने भी कहा कि आरोप सही पाए जाएं तो सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
विधानसभा में दिसंबर 2025 में सरकार ने बताया था कि दो वर्षों में 329 पुलिसकर्मियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हुए। भोपाल में 48 और ग्वालियर में 27 पुलिसकर्मियों पर मामले दर्ज हुए।
यह पहली घटना नहीं है। सिवनी के हवाला मामले में करीब तीन करोड़ रुपए की बरामदगी और रकम के कथित गबन को लेकर 11 पुलिसकर्मी निलंबित हुए। मंदसौर में छात्र की कथित गिरफ्तारी पर सीसीटीवी ने पुलिस की कहानी पर सवाल खड़े किए। भोपाल के पुराने मामले में भी पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठ चुके हैं।
सवाल सीधा है—जब पुलिस ही कानून के कठघरे में खड़ी हो, तो आम आदमी न्याय के लिए जाए कहां?

एक टिप्पणी भेजें