नेमावर रोड पर शिमला पान मसाला का कथित अवैध कारोबार, खाद्य सुरक्षा विभाग और जीएसटी विभाग की चुप्पी कटघरे में
इंदौर। नेमावर रोड के 8 मील क्षेत्र में शिमला पान मसाला की कथित अवैध पैकेजिंग और बिना बिल माल की सप्लाई का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिसर में 20 से अधिक पैकेजिंग मशीनें संचालित थीं और भारी मात्रा में तैयार माल, तंबाकू तथा पैकेजिंग सामग्री जमा थी।
मामले में शिवसेना की ओर से खाद्य सुरक्षा विभाग को लिखित शिकायत देकर परिसर की सटीक लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मनोज रघुवंशी का नाम भी इस प्रकरण के संदर्भ में सामने है। शिकायत के बाद अगले दिन दोपहर तक मौके पर टीम नहीं पहुंचने का आरोप है। आखिर सूचना के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जीएसटी विभाग के राजस्व पर चोट?
दावा है कि कई ट्रक माल बिना वैध कर दस्तावेजों के सप्लाई किए जा रहे थे। इससे सरकारी खजाने को लाखों से करोड़ों रुपये तक के नुकसान की आशंका है। वास्तविक कर चोरी का आंकड़ा स्टॉक, बिक्री और लेखा अभिलेखों की जांच के बाद ही सामने आएगा।
दो विभाग, जवाबदेही कौन लेगा?
खाद्य सुरक्षा विभाग कथित पैकेजिंग और उत्पादों की जांच करे, वहीं जीएसटी विभाग बिल, स्टॉक और परिवहन रिकॉर्ड खंगाले। शिकायत के बाद कार्रवाई में देरी की वजह क्या थी? निगरानी तंत्र को इतनी बड़ी गतिविधि की भनक क्यों नहीं लगी?
प्रशासन तत्काल जांच कराए, जिम्मेदारों की भूमिका तय करे और दोष मिलने पर कार्रवाई करे। सवाल सीधा है—अवैध कारोबार पर शिकंजा कसेगा या विभागीय चुप्पी ही जारी रहेगी?

एक टिप्पणी भेजें