विकसित भारत के लिए हर राज्य तय करेगा पांच प्राथमिकताएं, मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में बनेगा विकास का रोडमैप
विकसित भारत-2047 का सपना अब राज्यों की विकास रणनीति और प्रशासनिक जवाबदेही की कसौटी पर होगा। केंद्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 2047 के लिए पांच प्रमुख विकास लक्ष्य तय करने की जिम्मेदारी सौंपी है। अगले महीने होने वाले मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में इन लक्ष्यों और रणनीति पर मंथन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी एजेंडा रखा जाएगा।
इस बार जोर केवल योजनाओं की घोषणा पर नहीं, बल्कि जमीन पर नतीजे देने पर रहेगा। लक्ष्य तय करने में युवा और क्षेत्रीय स्तर पर तैनात अधिकारियों की राय भी ली जा रही है।
सम्मेलन में खनन, कोयला, जैव प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और विज्ञान-तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर चर्चा होगी। सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी दूर करने के उपाय भी तलाशे जाएंगे।
लेकिन असली सवाल लक्ष्य तय करने का नहीं, उन्हें पूरा करने का है। मध्य प्रदेश सहित सभी राज्यों के सामने चुनौती होगी कि विकास का लाभ गांव, कस्बे, किसान, युवा और आम नागरिक तक कितना पहुंचता है।
2047 की तस्वीर कागजी संकल्पों से नहीं, समयबद्ध काम, पारदर्शिता और जवाबदेही से बनेगी। जनता को घोषणाएं नहीं, परिणाम चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें