24 साल बाद नामांतरण, कोषालय के प्रमाण-पत्र ने खड़े किए गंभीर सवाल; जांच के बावजूद कार्रवाई पर सवाल, पंजीयन अफसरों की भूमिका जांच के घेरे में
प्रणव बजाज
इंदौर। ग्राम बिलावली की बेशकीमती जमीन से जुड़े एक मामले में दस्तावेजों की तारीखों ने पंजीयन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सर्वे नंबर 130/5/2/2 की करीब 8,400 वर्गफीट जमीन से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार 5 अप्रैल 2002 की कथित रजिस्ट्री में ऐसा स्टाम्प लगा है, जो कोषालय के प्रमाण-पत्र के मुताबिक 5 जून 2013 को जारी हुआ था। यानी दस्तावेज की तारीख से करीब 11 साल बाद जारी स्टाम्प का इस्तेमाल 2002 की रजिस्ट्री में दिखाया गया है।
शिकायतकर्ता निर्मला बाई और उनके पुत्र लक्ष्मण सचदेव ने कलेक्टर की जनसुनवाई में दस्तावेज प्रस्तुत कर मामले की जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि वर्ष 2002 की कथित रजिस्ट्री क्रमांक 13/13-मु के आधार पर गेंदा बाई पति तुकाराम, सिकंदर पिता तुकाराम हिरवे और सुनील पिता सिकंदर ने जमीन पर दावा किया है।
कोषालय के प्रमाण-पत्र के अनुसार रजिस्ट्री में लगा ₹15 हजार का स्टाम्प क्रमांक ए-168002 वर्ष 2013 में स्टाम्प वेंडर ममता राठौर को जारी हुआ था। दस्तावेज पर दूसरे वेंडर गिरिजा सक्सेना की सील और हस्ताक्षर भी बताए जा रहे हैं। यही विरोधाभास अब पूरे मामले की जांच का सबसे बड़ा आधार बन गया है।
15 साल चला मुकदमा, फिर अचानक सामने आया दावा
शिकायत के अनुसार वर्ष 2007 में निर्मला बाई और अल्पना तिवारी के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ, जो निचली अदालत से हाईकोर्ट तक करीब 15 वर्ष चला। शिकायतकर्ता के अनुसार अल्पना तिवारी के निधन के बाद वर्ष 2022 में उनके पति प्रदीप कुमार तिवारी ने समझौते के बाद निर्मला बाई को कब्जा सौंपा।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि यदि वर्ष 2002 में ही उक्त जमीन की रजिस्ट्री गेंदा बाई और अन्य के नाम हो चुकी थी, तो वे इतने वर्षों तक कहां थे? लंबे न्यायिक विवाद के दौरान उन्होंने अपना दावा सामने क्यों नहीं रखा?
पंजीयन विभाग की भूमिका पर भी सवाल
शिकायतकर्ताओं ने वर्ष 2002 की वॉल्यूम बुक और रिकॉर्ड रूम में रखे दस्तावेजों की स्वतंत्र जांच की मांग की है। वरिष्ठ जिला पंजीयक-1 मंजुलता पटेल के कार्यालय में भी शिकायत देकर स्टाम्प और संबंधित अभिलेखों की जांच की मांग किए जाने की बात सामने आई है।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच समिति में शामिल अधिकारियों और जिला पंजीयक-4 चक्रपाणी मिश्रा की भूमिका पर भी शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। हालांकि इन अधिकारियों पर किसी भी तरह की मिलीभगत या भ्रष्टाचार का आरोप अभी जांच से सिद्ध नहीं हुआ है। ऐसे में पूरे रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।
राजस्व विभाग का नामांतरण भी सवालों में
मामला केवल रजिस्ट्री तक सीमित नहीं है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसी दस्तावेज के आधार पर आगे नामांतरण और डायवर्सन की कार्रवाई भी हुई। अब सवाल यह है कि नामांतरण से पहले संबंधित दस्तावेजों की वैधता और स्टाम्प की सत्यता की जांच किस स्तर पर की गई?
चार बड़े सवाल
1. 5 जून 2013 को जारी स्टाम्प 5 अप्रैल 2002 की रजिस्ट्री में कैसे इस्तेमाल हुआ?
2. स्टाम्प एक वेंडर को जारी हुआ तो दस्तावेज पर दूसरे वेंडर की सील और हस्ताक्षर कैसे आए?
3. वर्ष 2002 के रिकॉर्ड में कथित रूप से बाद में जोड़े गए दस्तावेजों की जांच किसने की और रिकॉर्ड की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी?
4. कोषालय के प्रमाण-पत्र में सामने आई तारीखों की विसंगति के बाद स्टाम्प और पंजीयन कानून के तहत कार्रवाई की स्थिति क्या है?
अधिकारियों से जवाब मांगा, फोन पर नहीं मिला पक्ष
खबर प्रकाशित करने से पहले वरिष्ठ जिला पंजीयक-1 मंजुलता पटेल और जिला पंजीयक-4 चक्रपाणी मिश्रा से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। दोनों अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
अब असली परीक्षा जांच की
मामले में दस्तावेजों की मूल प्रति, वर्ष 2002 की वॉल्यूम बुक, स्टाम्प जारी होने का कोषालय रिकॉर्ड, वेंडर रजिस्टर, संबंधित पंजीयन कार्यालय की प्रविष्टियां और नामांतरण-डायवर्सन की पूरी फाइल सामने रखकर स्वतंत्र जांच की जरूरत है। यदि दस्तावेजों में छेड़छाड़ या फर्जीवाड़ा प्रमाणित होता है तो दोषी व्यक्ति चाहे कितना भी प्रभावशाली हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें