Top News
Loading...

एमआर-12 का अधूरा पुल, सिलावट की निगरानी पर सवाल

सिंहस्थ सिर पर, 32 करोड़ का काम 40 फीसदी; 46.52 करोड़ के दूसरे आरओबी की निविदा भी लंबित



इंदौर। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में एमआर-12 को अहम बताया जा रहा है, लेकिन कैलोदहाला रेलवे ओवरब्रिज की सुस्त रफ्तार ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है। करीब 32 करोड़ रुपये की लागत वाले 734 मीटर लंबे आरओबी का अक्टूबर तक केवल 40 प्रतिशत काम पूरा हुआ था। रेलवे वाले हिस्से में निर्माण शुरू तक नहीं हो पाया। ठेका केटी कंस्ट्रक्शंस लिमिटेड को मिला है।


जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने 26 अक्टूबर को मौके का निरीक्षण कर धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई थी और दिसंबर 2027 तक पुल शुरू करने का लक्ष्य बताया था। लेकिन अब सवाल यह है कि निरीक्षण और निर्देशों के बाद भी रफ्तार क्यों नहीं बढ़ी? अतिक्रमण और रेलवे की अनुमति जैसे मुद्दे पहले से सामने थे, फिर समय रहते समाधान क्यों नहीं हुआ?


इधर इसी मार्ग पर एक और तीन लेन आरओबी के लिए 46.52 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया हुई। निविदा आमंत्रित करने वाले अधिकारी के रूप में आईडीए के कार्यपालन यंत्री रोहित मालवीय का नाम दर्ज है। पांच कंपनियों ने तकनीकी बोली जमा की—दिनेशचंद्र आर. अग्रवाल इंफ्राकॉन, फेरो कंक्रीट कंस्ट्रक्शन, प्रकाश एस्फाल्टिंग्स एंड टोल हाईवेज, रचना कंस्ट्रक्शन और श्री मंगलम बिल्डकॉन। निविदा का पुरस्कार अभी लंबित दर्ज है।


सवाल सीधा है—सिंहस्थ के नाम पर करोड़ों की परियोजनाएं घोषित करने से पहले जमीन की बाधाएं क्यों नहीं हटाईं गईं? और मंत्री के निरीक्षण के बाद भी काम की रफ्तार नहीं बदली तो जवाबदेही आखिर किसकी है?

Post a Comment

और नया पुराने