एपिसोड-3 (अंतिम कड़ी)
प्रणव बजाज
इंदौर/उज्जैन/देवास। इंदौर कलेक्ट्रेट रिकॉर्ड रूम के ₹100 करोड़ के फर्जीवाड़े से लेकर देवास में कलेक्टर के नकली दस्तखत कर आदिवासियों की जमीन बेचने और उज्जैन में बाबा महाकाल की पार्किंग भूमि को कौड़ियों के दाम निजी रिसॉर्ट को सौंपने तक—पंजीयन और राजस्व विभाग के इस सिंडिकेट ने पूरे मालवा अंचल को हिलाकर रख दिया है। लेकिन सबसे बड़ा और चौंकाने वाला सवाल मध्य प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में यह गूंज रहा है कि इतने गंभीर घोटालों, पुलिस एफआईआर और हाईकोर्ट की फटकार के बावजूद वरिष्ठ जिला पंजीयक दीपक शर्मा को आज तक सेवा से बर्खास्त या निलंबित क्यों नहीं किया गया? उल्टा, इंदौर से रिलीव किए जाने के बाद उन्हें सजा देने के बजाय उज्जैन और देवास जैसे दो-दो बेहद कमाऊ और संवेदनशील जिलों की कमान सौंपकर आखिर सरकार क्या साबित करना चाहती है?
बर्खास्तगी की जगह 'इनाम':
उज्जैन और देवास जैसे दो जिलों का प्रभार क्यों?आमतौर पर जब किसी विभाग में ₹100 करोड़ का रिकॉर्ड रूम घोटाला उजागर होता है और रिकॉर्ड रूम प्रभारी मर्दान सिंह रावत जैसे छोटे कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर सलाखों के पीछे भेजा जाता है, तो विभाग के मुखिया पर भी गाज गिरती है। देवास में भी फर्जी एनओसी कांड के बाद बाबू संजीव जाटव और रमेश लोबानिया को निलंबित कर जेल भेज दिया गया। लेकिन वरिष्ठ जिला पंजीयक दीपक शर्मा के मामले में कानून और नियम पूरी तरह बौने साबित हुए। तत्कालीन इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें इंदौर से रिलीव तो कर दिया गया, लेकिन भोपाल स्तर पर निलंबन की फाइल को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। प्रशासनिक गलियारों में इस बात को लेकर भारी हैरानी है कि एक दागी अधिकारी को सुधारने या जांच का सामना करने के लिए लूपलाइन में भेजने के बजाय सीधे उज्जैन और देवास जैसे दो बड़े जिलों की जिम्मेदारी दे दी गई, जहां रियल एस्टेट और सिंहस्थ से जुड़ी ज़मीनों का सबसे बड़ा कारोबार चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि दीपक शर्मा ने तकनीकी चालाकी दिखाते हुए खुद को जांच में 'शिकायतकर्ता' के रूप में पेश कर लिया है और अदालती दांवपेच के सहारे अपनी कुर्सी को सुरक्षित कर रखा है।
वल्लभ भवन में बैठा वो 'असली आका' कौन?
क्या ऊपर तक पहुंचता है पैसा? प्रशासनिक जानकारों का स्पष्ट मानना है कि एक जिला पंजीयक स्तर का अधिकारी बिना शीर्ष संरक्षण के न तो 15 वर्षों तक प्रदेश के सबसे मलाईदार जिलों (ग्वालियर, भोपाल, इंदौर और अब उज्जैन-देवास) में जमे रह सकता है और न ही इतने बड़े घोटालों के बाद बच सकता है। पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग सीधे वाणिज्यिक कर विभाग के अधीन आता है। मंत्रालय (वल्लभ भवन) में बैठे विभाग के दो शीर्ष आईएएस (IAS) अधिकारियों और पंजीयन मुख्यालय के आला अफसरों के साथ दीपक शर्मा की 'मजबूत ट्यूनिंग' जगजाहिर है। विभागीय सूत्रों में इस बात की खुली चर्चा है कि इंदौर, उज्जैन और देवास की रजिस्ट्रियों से होने वाली करोड़ों रुपये की 'ऊपरी कमाई' और कमीशन का एक बड़ा हिस्सा हर महीने भोपाल के इन शीर्ष आकाओं तक पहुंचता है, जिसके बदले इन्हें हर जांच और कार्रवाई से अभयदान मिला हुआ है।
क्या मुख्यमंत्री से है कोई रिश्तेदारी?
सत्ता के गलियारों के नाम का इस्तेमालराजनीतिक और प्रशासनिक हल्कों में यह सवाल भी तेजी से उठ रहा है कि उज्जैन और देवास जैसे जिलों में एक विवादित अधिकारी को बैठाए रखने के पीछे क्या मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) या मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से किसी तरह की रिश्तेदारी या नजदीकी का हाथ है? हालांकि आधिकारिक या पारिवारिक रिकॉर्ड में दीपक शर्मा की मुख्यमंत्री से किसी सीधी रिश्तेदारी की पुष्टि नहीं होती, लेकिन यह कड़वा सच है कि उज्जैन और मालवा बेल्ट के प्रभावशाली नेताओं और मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र के रसूखदारों के नाम का इस्तेमाल कर यह पूरा सिंडिकेट खुद को सत्ता के सबसे करीब बताता है। उज्जैन में हरि फाटक के पास महाकाल मंदिर की ₹31 करोड़ की पार्किंग भूमि को महज ₹3.82 करोड़ में 'यूटोपिया बॉटल एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' को बेचने और ₹3.40 करोड़ की स्टाम्प ड्यूटी चोरी करने के मामले में आलोट के भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय और इकबाल सिंह गांधी जैसे बड़े राजनीतिक नाम सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि इस सिंडिकेट को सत्ताधारी दल के रसूखदारों का सीधा संरक्षण प्राप्त है। वहीं, देवास में तत्कालीन कलेक्टर ऋतुराज सिंह के नकली दस्तखत और सील से आदिवासियों की जमीन बेचने वाले गिरोह के तार भी मंत्रालय में बैठे एक पूर्व मंत्री के रिश्तेदारों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बेनकाब हुए सिंडिकेट के चेहरे:
किसकी क्या रही भूमिका?
इस पूरे भ्रष्टाचार के साम्राज्य में नीचे के बाबुओं से लेकर ऊपर के अधिकारियों और सफेदपोशों तक हर किरदार की भूमिका तय थी। इंदौर कलेक्ट्रेट के रिकॉर्ड रूम प्रभारी मर्दान सिंह रावत ने 1959 से 2000 के बीच की मूल रजिस्ट्रियों पर केमिकल व तेजाब डालकर असली मालिकों के नाम व फिंगरप्रिंट मिटाने का काम किया। देवास कलेक्ट्रेट में रीडर संजीव जाटव, बाबू रमेश लोबानिया, जितेंद्र भद्रे और दलाल महेंद्र कुशवाह ने कलेक्टर की फर्जी सील व हस्ताक्षर की समानांतर फैक्ट्री चलाई। उज्जैन में चिंतामणि मालवीय और इकबाल सिंह गांधी से जुड़ी कंपनी ने कौड़ियों के दाम बेशकीमती शासकीय जमीन हथियाई। और इन सबके ऊपर तकनीकी रीढ़ बनकर खड़े रहे वरिष्ठ जिला पंजीयक दीपक शर्मा, जिनके कार्यकाल में न तो रिकॉर्ड रूम का फिजिकल ऑडिट हुआ और न ही विवादित रजिस्ट्रियों पर समय रहते रोक लगी।
जनता का सबसे तीखा सवाल:
क्या अब चलेगा कानून का डंडा?पंधरीनाथ और एमजी रोड थाने में दर्ज एफआईआर, देवास पुलिस की गिरफ्तारी और माननीय उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के बाद अब यह पूरा मामला जनता की अदालत में है। अब निगाहें सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर टिकी हैं कि क्या वे उज्जैन और देवास जैसे महत्वपूर्ण जिलों की कमान संभाल रहे दीपक शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके 15 साल के सेवाकाल और बेनामी संपत्तियों की जांच लोकायुक्त या ईओडब्ल्यू (EOW) से करवाएंगे, या फिर भोपाल में बैठे उन शीर्ष आईएएस अधिकारियों और मालवा के सफेदपोश आकाओं के दबाव में छोटे बाबुओं को बलि का बकरा बनाकर बड़े मगरमच्छों को बचा लिया जाएगा?

एक टिप्पणी भेजें