Top News
Loading...

ई-चालान नहीं भरा तो गाड़ी जब्त, RC-फिटनेस और PUC पर भी रोक; सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश

नई दिल्ली। ट्रैफिक नियम तोड़कर ई-चालान कटवाने और उसे लंबे समय तक नजरअंदाज करने वालों के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अब सख्त व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। सड़क सुरक्षा से जुड़े एस. राजसीकरन बनाम भारत संघ मामले में कोर्ट ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा है कि बकाया ई-चालानों की वसूली सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर सुनिश्चित की जाए।



जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के.वी. विश्वनाथन की पीठ ने रैंडम वाहन जांच के निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी वाहन का ई-चालान लंबित पाया जाता है और उसका भुगतान नहीं किया गया है, तो आवश्यक कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया जा सकता है।


कोर्ट ने बकाया जुर्माना चुकाने तक वाहन से जुड़ी कई सेवाओं पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए हैं। इनमें RC का नवीनीकरण, डुप्लीकेट RC जारी करना, मालिक का पता बदलना और फिटनेस सर्टिफिकेट जैसी सेवाएं शामिल हैं। संबंधित वाहन को परिवहन पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट करने और उसके स्वामित्व हस्तांतरण पर रोक लगाने की व्यवस्था भी बताई गई है।


इतना ही नहीं, बकाया चालान वाले वाहन को PUC प्रमाणपत्र जारी नहीं करने तथा बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण और निलंबन पर भी कार्रवाई की बात कही गई है।


सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश आंकड़ों के अनुसार देशभर में ई-चालानों से करीब 49,194 करोड़ रुपये की राशि वसूलना बाकी बताई गई, जबकि लगभग 26,175 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। कोर्ट ने सवाल उठाया कि यदि चालान जारी होने के बाद उसकी वसूली ही नहीं हो रही तो इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन व्यवस्था का उद्देश्य कैसे पूरा होगा।


एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि सुनवाई के दौरान बिजली बिल के जरिए बकाया चालान वसूलने का सुझाव चर्चा में आया था, लेकिन लिखित आदेश में बिजली बिल के साथ चालान जोड़ने का निर्देश नहीं दिया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने