Top News
Loading...

हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: सिर्फ सैलरी से तय नहीं होगा OBC क्रीमीलेयर, नए सिरे से जांच के आदेश



ग्वालियर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने OBC क्रीमीलेयर निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टता दी है। कोर्ट ने कहा कि सरकारी कर्मचारी के बच्चे को क्रीमीलेयर में रखने का फैसला सिर्फ माता-पिता की सैलरी देखकर नहीं किया जा सकता। माता-पिता की सेवा स्थिति, पद, पदोन्नति की तारीख, आय के स्रोत और लागू सरकारी नियमों की भी जांच जरूरी है। 


मामला रागिनी राठौर के OBC प्रमाणपत्र आवेदन से जुड़ा है। अधिकारियों ने उनके पिता की करीब ₹16.99 लाख सालाना आय को आधार बनाते हुए आवेदन खारिज कर दिया था। पिता न्यायिक सेवा में हैं। आवेदन 23 अक्टूबर 2020 को एसडीओ स्तर पर खारिज हुआ था और 29 नवंबर 2022 को अपर कलेक्टर ने भी इसे बरकरार रखा। रागिनी ने दोनों आदेशों को हाईकोर्ट में चुनौती दी। 


सुनवाई के दौरान सामने आया कि रागिनी के पिता की प्रारंभिक नियुक्ति सिविल जज वर्ग-दो के पद पर हुई थी और बाद में 16 जून 2008 को 40 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद उन्हें सिविल जज वर्ग-एक में पदोन्नति मिली। याचिका के अनुसार उनकी आय का स्रोत वेतन ही है। 


हाईकोर्ट ने दोनों पुराने आदेश निरस्त करते हुए मामले को सक्षम अधिकारी के पास वापस भेज दिया। अब अधिकारी संबंधित सरकारी निर्देशों, पिता की सेवा स्थिति, पदोन्नति की तारीख, आय के स्वरूप और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर छह सप्ताह में कारणयुक्त नया आदेश देंगे। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने रागिनी को OBC प्रमाणपत्र देने का अंतिम आदेश नहीं दिया है।

Post a Comment

और नया पुराने