Top News
Loading...

IIT दिल्ली के PhD स्कॉलर की मौत पर FIR, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद कार्रवाई



नई दिल्ली। IIT दिल्ली के PhD स्कॉलर मनीष आनंद की इलाज के दौरान मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनीष 18 अगस्त को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मुनीरका स्थित किराए के मकान में बेहोशी और घायल अवस्था में मिले थे। अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण पड़ोसियों ने उसे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। करीब 45 दिनों से अधिक समय तक ICU में इलाज चलने के बाद 3 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।


मामले में पुलिस ने 4 अक्टूबर को किशनगढ़ थाने में FIR नंबर 243/2026 दर्ज की। FIR भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, यानी आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित प्रावधान, के तहत दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और IIT दिल्ली के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर की गई है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना IIT दिल्ली परिसर में नहीं, बल्कि मुनीरका स्थित मनीष के आवास पर हुई थी। जांच के दौरान परिवार या उपलब्ध गवाहों की ओर से किसी व्यक्ति पर संदेह या आरोप लगाए जाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में भी घटना के समय मनीष के घर में अकेले होने की जानकारी मिली है।


अब पुलिस CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर मनीष किन परिस्थितियों में घायल हुए और उनकी मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। IIT दिल्ली ने उनकी मौत पर शोक जताया है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post