Top News
Loading...

पूर्व IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड में 1.5 करोड़ का आर्थिक विवाद सामने आया, हत्या के बाद घर उड़ाने की भी थी साजिश




भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में नए और गंभीर एंगल सामने आ रहे हैं। पुलिस की जांच में एक ओर करीब 1.5 करोड़ रुपये के पुराने आर्थिक विवाद की जानकारी सामने आई है, वहीं दूसरी ओर फरार केयरटेकर वरुण कुमार पर हत्या के बाद घर में आग लगाकर सबूत मिटाने और विस्फोट जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश का संदेह है। हालांकि पुलिस के मुताबिक हत्या का अंतिम मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।


जांच में सामने आया है कि अग्रवाल ने करीब 11 महीने पहले एक परिचित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। आरोप था कि कंपनी में निवेश पर अधिक रिटर्न का भरोसा देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये लिए गए, लेकिन रकम और कथित मुनाफा वापस नहीं मिला। पुलिस इस पुराने मामले के साथ अग्रवाल के अन्य वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है।


इधर हत्या के बाद घर में आग लगाने की कथित साजिश ने जांच को और गंभीर बना दिया है। पुलिस के अनुसार गैस सिलेंडर की पाइप हटाई गई और उसे गर्म प्रेस के पास रखा गया। आशंका है कि गैस फैलने के बाद आग लगाकर घटना के सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई।


मुख्य संदिग्ध वरुण घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें कई राज्यों में उसकी तलाश कर रही हैं। अग्रवाल का मोबाइल आगरा में मिलने के बाद जांचकर्ताओं को नया सुराग मिला है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के मकसद और पूरी साजिश की तस्वीर ज्यादा साफ हो सकेगी।

Post a Comment

और नया पुराने