Top News
Loading...

भारत-कनाडा CEPA: ओटावा में आज से पांचवें दौर की वार्ता, साल के अंत तक समझौते का लक्ष्य



नई दिल्ली। भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर पांचवें दौर की बातचीत आज, 5 अक्टूबर, से कनाडा की राजधानी ओटावा में शुरू होगी। पांच दिन चलने वाली यह वार्ता 9 अक्टूबर तक चलेगी। दोनों देशों के मुख्य वार्ताकार बातचीत में शामिल होंगे और इस वर्ष के अंत तक समझौते की वार्ता पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। 


यह दौर ऐसे समय हो रहा है जब दोनों देश व्यापारिक संबंधों को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। बातचीत का चौथा दौर 18 सितंबर को नई दिल्ली में समाप्त हुआ था। कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू भी इस महीने के अंत में करीब 300 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली आने वाले हैं। 


CEPA लागू होने पर दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार में शुल्क एवं अन्य बाधाओं को कम करने, निवेश बढ़ाने और कुशल पेशेवरों की आवाजाही को आसान बनाने का रास्ता खुल सकता है। भारत-कनाडा के बीच 2025-26 में वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार करीब 7.95 अरब डॉलर रहा। इस दौरान भारत का कनाडा को निर्यात 10.63 प्रतिशत बढ़कर 4.67 अरब डॉलर पहुंचा, जबकि आयात 26.14 प्रतिशत घटकर 3.28 अरब डॉलर रहा। 


दोनों देशों ने 2015 में CEPA पर बातचीत शुरू की थी, लेकिन 2017 के बाद प्रक्रिया रुक गई। 2025 में इसे फिर से शुरू करने पर सहमति बनी और अब दोनों पक्ष इसे साल के अंत तक आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post