चार महिला पहलवानों की अपील पर अदालत सख्त, बरी किए जाने के फैसले को दी गई है चुनौती
नई दिल्ली। महिला पहलवानों से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने बरी किए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली अपील पर जवाब दाखिल करने के लिए उन्हें अंतिम अवसर दिया है।
विशेष न्यायाधीश दिग विनय सिंह ने 28 अक्टूबर को सिंह के अधिवक्ता को एक सप्ताह का समय दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि जवाब के लिए अब आगे कोई अवसर नहीं मिलेगा। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को निर्धारित की गई है।
चार महिला पहलवानों ने 25 सितंबर को अपील दाखिल कर निचली अदालत के 3 अगस्त के फैसले को चुनौती दी थी। अपील में आरोप लगाया गया है कि साक्ष्यों का आकलन गलत और चुनिंदा तरीके से किया गया तथा फैसला कानूनी कसौटी पर टिकाऊ नहीं है।
इस मामले में सिंह और पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर बरी किए गए थे। अब अपीलीय अदालत में फैसले को चुनौती पर सुनवाई होगी। अपील में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें