Top News
Loading...

राष्ट्रपति भवन में स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन का औपचारिक स्वागत



नई दिल्ली। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उन्हें औपचारिक सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। परमेलिन 5 से 7 अक्टूबर तक भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। यह उनकी भारत की पहली राजकीय यात्रा है और इस वर्ष फरवरी में एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने के बाद भारत का दूसरा दौरा है। 


यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति परमेलिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बातचीत में व्यापार एवं निवेश, विज्ञान-तकनीक, नवाचार, मोबिलिटी, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों तथा बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग पर भी विचार साझा करेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। 


इस यात्रा का आर्थिक पक्ष भी महत्वपूर्ण है। परमेलिन 7 अक्टूबर को होने वाले दूसरे भारत-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट में शामिल होंगे। यह भारत-EFTA व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) के लागू होने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित हो रहा है। स्विट्जरलैंड EFTA के चार देशों में भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है। 


भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार, निवेश, अनुसंधान, तकनीक और प्रतिभा की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर दोनों पक्ष लगातार जोर दे रहे हैं। परमेलिन की मौजूदा यात्रा को इसी व्यापक द्विपक्षीय साझेदारी के अगले चरण से जोड़कर देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post