Top News
Loading...

अफसर की संपत्ति पर लोकायुक्त का शिकंजा

प्रणव बजाज

1.03 करोड़ की आय, 3.78 करोड़ का व्यय; जबलपुर से भोपाल तक संपत्तियों की जांच, परिजनों के नाम पर भी जमीन-मकान



भोपाल। सरकारी कुर्सी, बेहिसाब संपत्ति और अब लोकायुक्त की दस्तक। जबलपुर में पदस्थ वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकाने पर आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त ने छापा मारकर जांच शुरू की है।


प्रारंभिक जांच में अधिकारी की ज्ञात आय करीब 1.03 करोड़ रुपये, जबकि व्यय 3.78 करोड़ रुपये सामने आया है। शिकायत में संपत्ति आय से 2.64 गुना होने का दावा है, जिसकी अंतिम पुष्टि जांच के बाद होगी।


लोकायुक्त के मुताबिक, जबलपुर में अधिकारी के नाम जमीन, पत्नी के नाम भूखंड, भोपाल में बंगला और फ्लैट तथा अन्य संपत्तियों की जानकारी मिली है। सागर के बंडा में माता-पिता के नाम मकान, पत्नी के नाम कार-स्कूटर और बीमा पॉलिसियों पर खर्च का विवरण भी जांच के दायरे में है।


भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।


सवाल यह है कि आय और संपत्ति के बीच इतना बड़ा अंतर कैसे बना? जांच की असली कसौटी संपत्तियों का स्रोत और बेनामी लेनदेन की पड़ताल होगी। आरोप अभी जांच के अधीन हैं।

Post a Comment

और नया पुराने