निजता, निवेश और कर में संभावित छूट बड़ा आकर्षण, लेकिन जमीन खरीदते ही नहीं मिलता कर लाभ
सलमान खान से लेकर विराट कोहली तक, चर्चित हस्तियों के कृषि भूमि में निवेश की खबरें अक्सर सुर्खियां बनती हैं। इसके पीछे सिर्फ खेती का शौक नहीं, बल्कि निवेश, निजी सुकून और संभावित कर लाभ भी वजह हो सकते हैं।
कृषि भूमि लंबी अवधि के निवेश और फार्महाउस जैसी निजी सुविधाओं का विकल्प बन सकती है। हालांकि, हर चर्चित हस्ती के निवेश का उद्देश्य एक जैसा नहीं होता।
क्या है कर का गणित?
आयकर अधिनियम की धारा 10(1) के तहत वास्तविक कृषि आय को केंद्रीय आयकर से छूट प्राप्त है। लेकिन जमीन खरीदने मात्र से किसी व्यक्ति की दूसरी कमाई कृषि आय नहीं बन जाती।
ग्रामीण कृषि भूमि की बिक्री से होने वाला लाभ भी कुछ निर्धारित शर्तों के तहत पूंजीगत लाभ कर के दायरे से बाहर हो सकता है। वहीं, शहरी कृषि भूमि पर अलग नियम लागू होते हैं। भूमि की स्थिति, वास्तविक कृषि उपयोग और दस्तावेज महत्वपूर्ण हैं।
कृषि भूमि खरीदने के नियम भी राज्यों में अलग-अलग हैं। इसलिए इसे केवल कर बचाने का आसान रास्ता समझना बड़ी भूल हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें