सम्पादकीय : प्रणव बजाज
गणेश चतुर्थी से नवरात्रि तक धार्मिक आयोजनों में बढ़ता दिखावा, तेज ध्वनि, फिल्मी गाने और नशे की संस्कृति—क्या भक्ति के पर्व अपनी मूल पहचान खो रहे हैं?
गणेश चतुर्थी हो, नवरात्रि हो, जन्माष्टमी हो या कोई दूसरा धार्मिक पर्व—आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि हमारी आस्था का उत्सव आखिर किस दिशा में जा रहा है?
भगवान के नाम पर पंडाल सजते हैं, चंदा जुटता है, बड़े-बड़े मंच बनते हैं। लेकिन कई जगह पूजा और भक्ति पीछे छूट जाती है और उसके स्थान पर तेज ध्वनि, फिल्मी गीत, अश्लील बोल, दिखावा और नशे में झूमते लोगों की भीड़ दिखाई देने लगती है। क्या यही हमारे धार्मिक पर्वों की पहचान रह गई है?
गणेशोत्सव के दौरान तेज डीजे, निर्धारित ध्वनि सीमा के उल्लंघन और नियम तोड़ने पर कई जगह पुलिस कार्रवाई हुई है। हाल में कल्याण में ध्वनि सीमा पार करने पर मामला दर्ज किया गया, जबकि हुब्बली में पुलिस ने गणेश विसर्जन के दौरान शराब पीकर शामिल होने वालों के खिलाफ शून्य-सहनशीलता की चेतावनी दी।
सवाल केवल डीजे का नहीं है। सवाल उस मानसिकता का है जो भगवान की प्रतिमा के सामने फिल्मी गीतों पर अश्लील नृत्य को उत्सव समझने लगी है। जिस मंच पर आरती, भजन और धार्मिक संदेश होने चाहिए, वहां कानफोड़ू संगीत और दिखावे की प्रतियोगिता क्यों?
धार्मिक आयोजन किसी व्यक्ति, मंडल या आयोजक की निजी कमाई और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं बनने चाहिए। यदि चंदा जनता से भगवान के नाम पर लिया जाता है तो जनता को यह पूछने का अधिकार भी है कि उस धन का उपयोग कहां हो रहा है।
अब समय आ गया है कि हर धार्मिक आयोजन के लिए साफ आचार-संहिता हो—नशे पर रोक, अश्लील गीतों पर रोक, निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन और नियम तोड़ने वाले आयोजकों पर कार्रवाई।
भगवान को ऊंची आवाज नहीं, सच्ची श्रद्धा चाहिए। आस्था को तमाशा बनाने वालों से सवाल पूछना भी आस्था की रक्षा ही है।

एक टिप्पणी भेजें