जूनियर वकील पर ₹25 हजार का जुर्माना, क्लर्क का मोबाइल जब्त; दोबारा गलती पर अवमानना की चेतावनी
मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने अदालती कार्यवाही की बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग करने पर सख्त रुख अपनाते हुए एक जूनियर वकील पर 25 हजार रुपये और उसके निर्देश पर रिकॉर्डिंग करने वाले अधिवक्ता के क्लर्क पर 10 हजार रुपये जमा करने का आदेश दिया है। रिकॉर्डिंग में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया।
न्यायमूर्ति जी.एस. कुलकर्णी और न्यायमूर्ति डॉ. नीला गोखले की खंडपीठ ने 19 अक्टूबर को झुग्गी पुनर्वास परियोजना से जुड़ी याचिकाओं की सुनवाई के दौरान यह मामला पकड़ा। अदालत के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने गलियारे से कार्यवाही की रिकॉर्डिंग होते देख इसकी सूचना पीठ को दी।
अदालत ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के नियमों के तहत बिना अनुमति कार्यवाही की रिकॉर्डिंग प्रतिबंधित है। अदालत ने वकील के आचरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कानून का पालन करने की पहली जिम्मेदारी अधिवक्ताओं की है।
पीठ ने अवमानना की कार्यवाही और बार काउंसिल को मामला भेजने की संभावना के बावजूद फिलहाल राहत दी। दोनों को भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का लिखित आश्वासन देने के निर्देश दिए गए। मोबाइल का आँकड़ा मिटाने और नियमानुसार निस्तारण का आदेश भी दिया गया। दोबारा उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

एक टिप्पणी भेजें