हर पांच में से एक विद्यार्थी बना उद्यमी, 43 प्रतिशत ने जताई अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा
देश के महाविद्यालयों में युवाओं की सोच बदल रही है। सरकारी नौकरी या बड़ी कंपनियों में रोजगार के बजाय अब अपना कारोबार शुरू करने की चाह बढ़ रही है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी और रेवा विश्वविद्यालय के सहयोग से जारी 2025 के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में यह तस्वीर सामने आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 25,783 विद्यार्थियों में से 22 प्रतिशत पहले ही व्यवसाय शुरू कर चुके हैं, जबकि 43 प्रतिशत विद्यार्थी अपना कारोबार खड़ा करना चाहते हैं। सर्वेक्षण में 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 1,200 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थान शामिल रहे।
पढ़ाई के तुरंत बाद अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा 2023 के 14 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 16.2 प्रतिशत हो गई। वहीं सरकारी नौकरी की पसंद 12.7 से घटकर 10.1 प्रतिशत और बड़ी कंपनी में नौकरी की चाह 31.3 से घटकर 27.4 प्रतिशत रह गई।
हालांकि, कारोबार शुरू करने की इच्छा और सफल व्यवसाय खड़ा करने में बड़ा अंतर है। पूंजी, मार्गदर्शन और बाजार तक पहुंच युवाओं के सामने अब भी असली चुनौती हैं।

एक टिप्पणी भेजें