सम्पादकीय . प्रणव बजाज
गरीब के बच्चे को संघर्ष की विरासत, अमीर के बच्चे को सुविधा की सौगात; फिर कहते हैं मुकाबला बराबरी का है!
इस देश में बच्चों को बचपन से एक सुंदर पाठ पढ़ाया जाता है—मेहनत करो, सफलता जरूर मिलेगी। पाठ पढ़ाने वाले शायद यह बताना भूल जाते हैं कि किसी के पास दौड़ने के लिए मैदान है, किसी के पास जूते तक नहीं। फिर भी मुकाबले का नाम योग्यता रख दिया जाता है।
आर्थिक गतिशीलता पर उपलब्ध शोध एक असहज सच सामने रखता है। सबसे गरीब 20 प्रतिशत परिवारों में जन्मे बच्चों में केवल करीब 3 प्रतिशत ही वयस्क होने पर सबसे अमीर 20 प्रतिशत तक पहुंच पाते हैं। यानी गरीबी केवल जेब में नहीं रहती, कई बार अगली पीढ़ी की संभावनाओं में भी घर बना लेती है।
पिता की सफेदपोश नौकरी हो तो बेटे के उसी पेशे में पहुंचने की संभावना 39.3 प्रतिशत बताई गई, जबकि अकुशल मजदूरों के बेटों में यह महज 4.9 प्रतिशत रही। किसान परिवारों के बच्चों के लिए भी सफेदपोश पेशे तक पहुंचना आसान नहीं। ग्रामीण कृषि परिवारों के बेटों में केवल 10.5 प्रतिशत क्लर्क जैसे कामों तक पहुंचे, जबकि शहरी समकक्षों में यह अनुपात 26.8 प्रतिशत था।
यह आंकड़े मेहनत को झुठलाते नहीं, बल्कि व्यवस्था के सामने सवाल खड़ा करते हैं। जब अच्छी शिक्षा, संपर्क, प्रशिक्षण और रोजगार तक पहुंच ही असमान हो, तो केवल प्रतिभा का गुणगान किस काम का?
विडंबना देखिए, बेहतर अवसरों के लिए पलायन भी आसान रास्ता नहीं। महिलाओं में रोजगार के लिए पलायन का अनुपात बेहद कम बताया गया है। जिम्मेदारियां, सुरक्षा और सामाजिक बंदिशें उनकी राह में दीवार बनती हैं।
देश को उपदेशों से ज्यादा अवसर चाहिए। गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, सुरक्षित आवागमन और रोजगार का विस्तार चाहिए।
क्योंकि जन्म किसी की उपलब्धि नहीं, और गरीबी कोई अपराध नहीं। फिर भविष्य की सजा उसी के हिस्से क्यों आए, जिसने अपना शुरुआती घर तक नहीं चुना?

एक टिप्पणी भेजें