सीहोर। बुधनी के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े जाने का विवाद अब वनभूमि पर कथित अतिक्रमण और सागौन के पौधों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों तक पहुंच गया है। सीहोर कलेक्टर की शासन को सौंपी गई जांच रिपोर्ट के अनुसार, वन विकास निगम की 31.48 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा किया गया था। रिपोर्ट में 78,700 सागौन के पौधे नष्ट किए जाने का भी दावा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 में सामान्य वनमंडल ने 186.960 हेक्टेयर भूमि वन विकास निगम को सौंपी थी। वर्ष 2021 में निगम ने 135 हेक्टेयर क्षेत्र में 3,37,500 सागौन के पौधे लगाए। आरोप है कि वर्ष 2022 के बाद पौधारोपण को नुकसान पहुंचाकर जमीन पर झोपड़ियां बनाई गईं और खेती शुरू की गई।
मामले ने राजनीतिक तूल तब पकड़ा, जब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित परिवारों के मकान तोड़े जाने पर नाराजगी जताई और कार्रवाई पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मामले में जांच के निर्देश दिए थे।
हालांकि, प्रभावित परिवारों का दावा है कि वे लंबे समय से वहां रह रहे हैं और उनके पास अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज हैं। ऐसे में केवल अतिक्रमण संबंधी प्रशासनिक निष्कर्ष से उनके वनाधिकार के दावों का अंतिम निपटारा नहीं माना जा सकता।
अब सवाल है कि वनभूमि पर कब्जे के आरोपों की जिम्मेदारी किसकी है और प्रभावित परिवारों के दावों की निष्पक्ष जांच कैसे होगी? वन संरक्षण के साथ आदिवासियों के वैधानिक अधिकारों की पड़ताल भी जरूरी है।

एक टिप्पणी भेजें