Top News
Loading...

सीबीआई का शिकंजा: दो लाख की रिश्वत लेते जीएसटी अधीक्षक गिरफ्तार, ठिकानों से 72.50 लाख रुपये बरामद

भोपाल। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भोपाल स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग के अधीक्षक राजेश कुमार गुप्ता को दो लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद विशेष अदालत ने आरोपी अधिकारी को दो दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। कार्रवाई के दौरान भोपाल और कानपुर स्थित उनके आवासों की तलाशी में 72 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।



11 लाख रुपये वसूलने का आरोप

सीबीआई के अनुसार, मंडीदीप के कबाड़ कारोबारी अमीर ट्रेडर्स के संचालक मुबीन खान ने 9 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 15 सितंबर को इंदौर से भोपाल आ रहे उनके वाहन को ई-वे बिल नहीं होने की बात कहकर रुकवाया गया। इसके बाद मंडीदीप स्थित गोदाम पर छापा मारा गया। कारोबारी का आरोप है कि कारोबार बंद कराने की धमकी देकर उनसे 11 लाख रुपये वसूले गए।


नकदी और संपत्तियों की जांच


शिकायत से जुड़े मामले में सीबीआई ने अधीक्षक को दो लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों शहरों में तलाशी ली गई। जांच एजेंसी अब बरामद नकदी के स्रोत, संपत्तियों में निवेश और कथित रिश्वतखोरी में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की पड़ताल कर रही है।


फिलहाल, बरामद नकदी को आय से अधिक संपत्ति का प्रमाण नहीं माना जा सकता। इसकी वैधता और मामले में अन्य लोगों की भूमिका का निर्धारण जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगा।

Post a Comment

और नया पुराने