सागर। मिट्टी को आकार देना आसान है, लेकिन उसी मिट्टी में चेहरे के भाव, भव्यता और आस्था उतार देना साधना से कम नहीं। सागर का विश्वकर्मा बंधु परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से दुर्गा प्रतिमाओं को आकार देकर इस परंपरा को जीवित रखे हुए है। नवरात्रि करीब आते ही इनके यहां काम तेज हो जाता है, लेकिन परिवार का कहना है कि मूर्तिकला इनके लिए केवल सीजन का कारोबार नहीं, बल्कि सालभर चलने वाली पारंपरिक कला है।
छह भाइयों का यह परिवार पीढ़ियों से चली आ रही मूर्तिकला को आगे बढ़ा रहा है। वर्ष 2015 से परिवार की युवा पीढ़ी भी इस काम में सक्रिय हुई, जिससे पारंपरिक शिल्प के साथ नई तकनीक और आधुनिक कल्पना का मेल दिखाई देता है। बंगाली और बुंदेली शैली के साथ अलग-अलग थीम पर प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं। पौराणिक कथाओं से लेकर समसामयिक विषयों तक को प्रतिमाओं की थीम बनाया जाता है।
खास बात यह है कि शिल्पकार पर्यावरण का भी ध्यान रख रहे हैं। प्रतिमाओं में प्राकृतिक रंगों और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। प्रतिमाओं की कीमत 51 हजार से 12 लाख रुपये तक बताई गई है, जो आकार, डिजाइन और बारीक कारीगरी के अनुसार बदलती है।
सागर में तैयार ये प्रतिमाएं जलगांव, नागपुर, भोपाल, दमोह, बांदा, टीकमगढ़ और छिंदवाड़ा सहित कई शहरों तक भेजी जाती हैं। सोशल मीडिया ने भी इस पारंपरिक कला को नया बाजार दिया है।
सागर की पहचान अब सिर्फ बुंदेली संस्कृति तक सीमित नहीं—यहां के कारीगरों के हाथों से निकली मां दुर्गा की प्रतिमाएं आस्था के साथ शहर की कला पहचान भी देशभर तक पहुंचा रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें