विदेश यात्रा की तैयारी में टिकट और होटल बुकिंग से पहले वीजा प्रक्रिया को समझना जरूरी है। खासकर पहली बार विदेश जाने वाले आवेदकों से छोटी-छोटी गलतियां हो जाती हैं, जो वीजा आवेदन पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं। वीजा रिजेक्शन से बचने के लिए इन पांच बातों का विशेष ध्यान रखें।
गलत जानकारी देना: आवेदन फॉर्म में नाम, जन्मतिथि, नौकरी, आय, यात्रा का उद्देश्य या पिछले यात्रा रिकॉर्ड से जुड़ी गलत जानकारी न दें। दस्तावेजों और फॉर्म में विरोधाभास संदेह पैदा कर सकता है।
अधूरे दस्तावेज लगाना: पासपोर्ट, बैंक स्टेटमेंट, आय प्रमाण, नौकरी या व्यवसाय से जुड़े दस्तावेज और यात्रा संबंधी कागजात संबंधित देश की आवश्यकताओं के अनुसार पूरे होने चाहिए। कोई जरूरी दस्तावेज छूटना आवेदन कमजोर कर सकता है।
वित्तीय क्षमता स्पष्ट न करना: आवेदक को यह दिखाना जरूरी होता है कि वह यात्रा, ठहरने और वापसी का खर्च वहन कर सकता है। बैंक खाते में अचानक बड़ी रकम जमा कराकर वित्तीय स्थिति मजबूत दिखाने की कोशिश भी सवाल खड़े कर सकती है।
यात्रा का उद्देश्य अस्पष्ट रखना: पर्यटक, व्यवसाय, पढ़ाई या अन्य किसी उद्देश्य से जा रहे हैं तो आवेदन और इंटरव्यू में उसी के अनुरूप स्पष्ट जानकारी दें।
वापसी का भरोसा न दिखा पाना: वीजा अधिकारी यह भी देखते हैं कि आवेदक की अपने देश लौटने की पर्याप्त वजह है या नहीं। नौकरी, व्यवसाय, परिवार और अन्य जिम्मेदारियों से जुड़े वैध दस्तावेज इस मामले में मददगार हो सकते हैं।
वीजा नियम देश-दर-देश अलग होते हैं, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित देश की आधिकारिक गाइडलाइन जरूर जांचें।

Post a Comment