633.98 मिलियन यूनिट बिजली का निर्यात, बांग्लादेश को भी फिर शुरू की आपूर्ति; जलविद्युत कारोबार ने दिखाई मजबूती
नेपाल में अगस्त की विनाशकारी बाढ़ से जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा, लेकिन बिजली निर्यात का कारोबार फिर भी मजबूती से आगे बढ़ा। नेपाल ने सितंबर के मध्य से अक्टूबर के मध्य तक भारत को 633.986 मिलियन यूनिट बिजली बेचकर 5.925 अरब नेपाली रुपये की कमाई की, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 370 करोड़ रुपये बैठती है।
नेपाल विद्युत प्राधिकरण के अनुसार, बिजली हरियाणा और बिहार को द्विपक्षीय समझौतों के तहत बेची गई, जबकि अतिरिक्त बिजली भारतीय ऊर्जा विनिमय बाजार में भी बेची गई। बाढ़ के कारण कुछ जलविद्युत संयंत्रों का उत्पादन प्रभावित हुआ था, लेकिन दूसरी परियोजनाओं से आपूर्ति जारी रखी गई।
बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात बहाल
23 अक्टूबर को नेपाल ने भारत के बिजली पारेषण तंत्र के माध्यम से बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली की आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी। बाढ़ से त्रिशूली और चिलिमे परियोजनाओं को नुकसान के कारण यह आपूर्ति रुकी हुई थी। वैकल्पिक परियोजनाओं से बिजली भेजने की मंजूरी मिलने के बाद निर्यात बहाल हुआ।
नेपाल की यह उपलब्धि बताती है कि प्राकृतिक आपदा के बावजूद क्षेत्रीय बिजली कारोबार में वैकल्पिक उत्पादन और मजबूत पारेषण व्यवस्था कितनी अहम है।

एक टिप्पणी भेजें