यात्रियों की संख्या 60 लाख से अधिक, स्वास्थ्य सलाह की अनदेखी पर उठे गंभीर सवाल
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की आमद ने नया रिकॉर्ड बनाया है, लेकिन इसके साथ मौतों का बढ़ता आंकड़ा भी चिंता बढ़ा रहा है। 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में 21 अक्टूबर सुबह 10 बजे तक 60 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। यह यात्रा के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा बताया जा रहा है।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इसी अवधि में चारों धामों में 271 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इस संख्या में यात्रा मार्गों पर दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले श्रद्धालु शामिल नहीं हैं। ऐसे में कुल मृतकों का आंकड़ा और अधिक हो सकता है।
ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, ठंड और अत्यधिक पैदल चढ़ाई हृदय तथा सांस के मरीजों के लिए जोखिम बढ़ा सकती है। इसके बावजूद स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की अनदेखी कितनी भारी पड़ रही है, यह जांच का विषय है।
सवाल केवल श्रद्धालुओं की आस्था का नहीं, प्रशासनिक तैयारी का भी है। स्वास्थ्य जांच, आपात चिकित्सा और चेतावनी व्यवस्था कितनी प्रभावी रही? रिकॉर्ड यात्रा के साथ सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

एक टिप्पणी भेजें