Top News
Loading...

25 साल की सत्ता के बाद मोदी का 2047 मिशन: विकसित भारत, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था और वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने का संकल्प

प्रणव बजाज



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वर्ष 2047 के लिए देश के सामने अपना बड़ा लक्ष्य रखा। दिल्ली में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करना है। उन्होंने जनता के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि 25 वर्षों की यात्रा लगातार मिले जनआशीर्वाद का परिणाम है। 


मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात में करीब 13 वर्ष मुख्यमंत्री रहने के बाद मई 2014 में उन्होंने प्रधानमंत्री पद संभाला। 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के साथ केंद्र में भी उनका लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू हुआ। 


अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भाजपा, राजग, मंत्रियों और लोकतंत्र तथा संविधान में विश्वास रखने वाले राजनीतिक साथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विरोध ने उन्हें लोकतंत्र की शक्ति समझाई, संकटों ने धैर्य की परीक्षा ली और उपलब्धियों ने बड़े लक्ष्य तय करने का साहस दिया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 25 वर्षों का अनुभव और जनता का विश्वास उनकी व्यक्तिगत संपत्ति नहीं, बल्कि देश की पूंजी है। 


2047 के लिए मोदी का बड़ा रोडमैप


प्रधानमंत्री ने आने वाले वर्षों के लिए कई लक्ष्य गिनाए। इनमें 2047 तक विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाना, दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होना, ओलंपिक की मेजबानी और मानव को अंतरिक्ष में भेजने की दिशा में आगे बढ़ना शामिल है। उन्होंने इन लक्ष्यों के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान करते हुए कहा—“हम करके रहेंगे।” 


केंद्र सरकार की ओर से एक दिन पहले जारी मंत्रिमंडल के प्रस्ताव में भी 2047 के विकसित भारत को मोदी की दीर्घकालिक दृष्टि का केंद्रीय लक्ष्य बताया गया। प्रस्ताव में पूंजीगत व्यय, राजमार्ग, रेलवे विद्युतीकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन, रक्षा उत्पादन और अर्धचालक निर्माण जैसे क्षेत्रों में विस्तार को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाए गए कदमों के रूप में रेखांकित किया गया। 


25 साल की यात्रा से 2047 की चुनौती तक


मोदी के 25 वर्ष पूरे होने का राजनीतिक और प्रशासनिक सफर अब अगले 21 वर्षों के लक्ष्य से जुड़ गया है। 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है। नीति आयोग के दस्तावेजों में इसे आर्थिक मजबूती के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत ढांचे, नवाचार, महिला सशक्तीकरण और गरीबी तथा असमानता में कमी से जोड़ा गया है। 


अब मोदी सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन लक्ष्यों को जमीन पर परिणाम में बदलने की होगी। भारत को बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के साथ पर्याप्त रोजगार, प्रतिस्पर्धी विनिर्माण, आधुनिक बुनियादी ढांचा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करना इस लक्ष्य की वास्तविक कसौटी होगी।


25 साल की सत्ता और सेवा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब देश के सामने 2047 का लक्ष्य रख दिया है—सवाल सिर्फ लक्ष्य तय करने का नहीं, बल्कि अगले 21 वर्षों में उसे धरातल पर उतारने का है।

Post a Comment

और नया पुराने