Top News
Loading...

151 मामलों का हिसाब नहीं, दो कलेक्टरों के आंकड़ों पर हाईकोर्ट सख्त



श्योपुर में आदिवासियों और अनुसूचित जाति के लोगों की जमीनों से जुड़े मामलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्वालियर हाईकोर्ट में पेश हुई दो रिपोर्टों में लंबित प्रकरणों की संख्या अलग-अलग सामने आने के बाद अदालत ने प्रशासन से जवाब तलब किया है।


मामले में तत्कालीन कलेक्टर संजय कुमार ने 7 फरवरी 2024 को राज्य सरकार को भेजे पत्र में जमीन से जुड़े 600 लंबित प्रकरणों का उल्लेख किया था। इसके बाद वर्तमान कलेक्टर शीला दाहिमा की ओर से अदालत में प्रस्तुत रिपोर्ट में 449 प्रकरण बताए गए। दोनों आंकड़ों में 151 मामलों का अंतर है। हाईकोर्ट ने इसी अंतर पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि आखिर ये 151 प्रकरण कहां चले गए और उनका वर्तमान रिकॉर्ड क्या है। 


मामला आदिवासी जमीनों के कथित अवैध हस्तांतरण, कब्जे और राजस्व अभिलेखों में बदलाव के आरोपों से जुड़ा है। हाईकोर्ट की चिंता केवल मामलों की संख्या को लेकर नहीं, बल्कि उन अभिलेखों की विश्वसनीयता को लेकर भी है जिनके आधार पर जमीनों का अधिकार तय होता है।


श्योपुर में अनुसूचित जनजाति की जमीनों के संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के बावजूद ऐसे मामलों में कार्रवाई की गति और राजस्व रिकॉर्ड को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। 


अब सबसे बड़ा सवाल: 600 से 449 के बीच गायब हुए 151 प्रकरणों का पूरा ब्योरा क्या है? क्या वे निपटाए गए, स्थानांतरित हुए, दूसरे अभिलेखों में दर्ज हैं या फिर रिकॉर्ड से ही गायब हो गए? हाईकोर्ट की निगाह अब इसी जवाब पर है।

Post a Comment

और नया पुराने