Top News
Loading...

सुप्रीम कोर्ट का निर्देश: राजपाल यादव को 13 अक्टूबर तक जमा करने होंगे 2 करोड़ रुपये



नई दिल्ली। चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें शिकायतकर्ता को देय रकम के तौर पर 13 अक्टूबर तक 2 करोड़ रुपये जमा करने का निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि राशि जमा किए जाने के बाद ही वह दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश के खिलाफ यादव की याचिका पर आगे विचार करेगा, जिसमें उन्हें तीन महीने की सजा सुनाई गई है। 


बुधवार को सुनवाई के दौरान राजपाल यादव स्वयं अदालत में मौजूद थे। उन्होंने 1.15 करोड़ रुपये का मांग ड्राफ्ट पेश किया। बाकी 85 लाख रुपये संपत्ति की बिक्री से मिलने की बात उनके वकील ने अदालत को बताई। प्रस्तावित खरीदार भी अदालत में मौजूद था। 


यह विवाद वर्ष 2010 के उस वित्तीय लेनदेन से जुड़ा है, जिसमें फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की राशि ली गई थी। इसके भुगतान के लिए जारी किए गए 1.05 करोड़ रुपये के सात चेक कथित तौर पर बाउंस हो गए थे। मामले में निचली अदालत और बाद में दिल्ली हाईकोर्ट से यादव को सजा मिली। 


सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने यादव के पिछले रवैये पर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि बार-बार मोहलत देने का उद्देश्य शिकायतकर्ता को उसकी रकम दिलाना था।

Post a Comment

और नया पुराने